Changur Baba Conversion Racket: उत्तर प्रदेश में जबरन धर्मांतरण रैकेट के मास्टरमाइंड और स्वयंभू धर्मगुरु छांगुर बाबा उर्फ जमालुद्दीन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में यूपी और मुंबई के कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई धर्मांतरण रैकेट से जुड़ी आर्थिक लेन-देन की कड़ियों को खंगालने के लिए की गई। ऐसे में छांगुर बाबा धर्मांतरण रैकेट को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है।
ED (प्रवर्तन निदेशालय) की हाल फिलहाल सर्च कार्रवाई में बाबा के राजदार नवीन के करीबी शहजाद शेख के मोबाइल फोन से ईडी को एक अहम सुराग हाथ लगा है। जांच के दौरान शहजाद शेख के मोबाइल से क्रोएशियन कुना (Croatian Kuna) करेंसी की एक तस्वीर बरामद हुई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि धर्मांतरण का यह रैकेट विदेशों तक फैला हुआ था। ईडी को संदेह है कि इस पूरे रैकेट में विदेशी मुद्रा का भी इस्तेमाल किया गया है। मोबाइल में मिली इस विदेशी करेंसी की तस्वीर ने जांच एजेंसी को चौंका दिया है। फिलहाल ईडी मोबाइल फोन का डेटा खंगालने में जुटी हुई है, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की पूरी परतें खोली जा सकें।
40 बैंक खातों में 500 करोड़ रुपये
छांगुर बाबा के मामले की जांच में अधिकारियों ने एक ऐसे नेटवर्क का खुलासा किया है, जो कथित रूप से सामाजिक रूप से कमजोर लोगों, विशेषकर हिंदू महिलाओं और नाबालिगों को इस्लाम धर्म अपनाने के लिए निशाना बना रहा था। आरोप है कि इन धर्मांतरणों को धोखे, भावनात्मक दबाव और आर्थिक लालच के ज़रिए अंजाम दिया गया। मामले में वित्तीय लेन-देन की बड़ी भूमिका सामने आई है। एटीएस और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के अनुसार, छांगुर बाबा और उसके सहयोगियों से जुड़े लगभग 40 बैंक खातों में 500 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध रकम जमा पाई गई है।
