Saif Ali Khan attack Case: मुंबई के बांद्रा की अदालत में रविवार को उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब अभिनेता सैफ अली खान के हमलावर को पेश किया गया। इस हाई-प्रोफाइल मामले में बांग्लादेशी आरोपी का प्रतिनिधित्व करने के लिए दो वकीलों के बीच भिड़त हो गई और कथित तौर पर धक्का-मुक्की भी हुई। मुंबई पुलिस ने रविवार सुबह ठाणे शहर से मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को गिरफ्तार कर लिया, जिसने 16 जनवरी की सुबह चोरी के इरादे से बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के बांद्रा अपार्टमेंट में घुसकर उनपर चाकू से जानलेवा हमला किया था।
भारी पुलिस की मौजूदगी के बीच, शहजाद को रविवार दोपहर बांद्रा में एक मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उससे पूछा कि क्या उसे पुलिस के खिलाफ कोई शिकायत है तो शहजाद ने नहीं में जवाब दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, फिर उसे अदालत कक्ष के पिछले हिस्से में आरोपी व्यक्तियों के लिए बने एक बक्से में ले जाया गया।
वकील धक्का-मुक्की करते रहे
इन प्रक्रियाओं के बाद एक वकील शहजाद की ओर से पेश होने का दावा करते हुए आगे आया, हालांकि, वकालतनामा पर आरोपी के हस्ताक्षर लेने से ठीक पहले ड्रामा शुरू हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, एक अन्य वकील धक्का-मुक्की करते हुए आरोपी के पास पहुंचा और अपने वकालतनामा पर शहजाद के हस्ताक्षर ले लिए, इससे यह भ्रम पैदा हो गया कि हमलावर के लिए कौन सा वकील पेश होगा।
इस गतिरोध को समाप्त करने के लिए, मजिस्ट्रेट ने दोनों वकीलों को शहजाद का प्रतिनिधित्व करने का सुझाव दिया। रिपोर्ट में मजिस्ट्रेट के हवाले से कहा गया, आप दोनों पेश हो सकते हैं, जिस पर वकील सहमत हो गए। इसके बाद अदालत ने शहजाद को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
सैफ अली खान पर जानलेवा हमला
आरोपी को गिरफ्तार करने से पहले, पुलिस ने सैफ की इमारत के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर उसके जैसे दिखने वाले कम से कम दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया था। सैफ अली खान पर 16 जनवरी की सुबह बांद्रा की पॉश बिल्डिंग 'सतगुरु शरण' में उनके 12वीं मंजिल के अपार्टमेंट के अंदर इस घुसपैठिए ने चाकू से 6 वार किए थे। इसके बाद सैफ की लीलावती अस्पताल में एक आपातकालीन सर्जरी की गई। डॉक्टरों ने कहा है कि सैफ अली खान ठीक हो रहे हैं और जल्द ही उन्हें छुट्टी मिल सकती है।
