Surat dimond bourse: गुजरात के सूरत शहर (डायमंड सिटी ऑफ इंडिया) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दो बड़ी सौगात मिली हैं। रविवार (17 दिसंबर, 2023) को वहां मोदी ने ‘सूरत डायमंड बोर्स’ (एसडीबी) और सूरत हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। मोदी ने एसडीबी के उद्घाटन के बाद कहा- आज सूरत की भव्यता में एक और हीरा जुड़ गया...यह डायमंड भी छोटा-मोटा नहीं है बल्कि यह तो दुनिया में सर्वश्रेष्ठ है। इसकी चमक के आगे दुनिया की बड़ी से बड़ी इमारतों की चमक फीकी पड़ रही है।
क्या है ‘सूरत डायमंड बोर्स’?
सूरत डायमंड बोर्स अंतरराष्ट्रीय हीरे और आभूषण कारोबार के लिए दुनिया का सबसे बड़ा और आधुनिक केंद्र होगा। यह इमारत 67 लाख वर्ग फुट से अधिक के क्षेत्र में फैली है, जो कि दुनिया का सबसे बड़ा कार्यालय परिसर है। यह सूरत शहर के पास खजोद गांव में है। कच्चे और पॉलिश किए गए हीरों के साथ यह आभूषणों के व्यापार का एक वैश्विक केंद्र होगा। केंद्र में आयात और निर्यात के लिए एक अत्याधुनिक 'सीमा शुल्क निकासी गृह', खुदरा आभूषण व्यवसाय के लिए आभूषण मॉल, अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग और सुरक्षित तिजोरी जैसी सुविधाएं होंगी।एसडीबी के मीडिया संयोजक दिनेश नवादिया ने हाल में कहा था कि मुंबई के हीरा व्यापारी समेत कई हीरा व्यापारियों ने पहले ही अपने कार्यालयों का कब्जा ले लिया है जो नीलामी के बाद प्रबंधन ने आवंटित किए थे। एसडीबी ‘डायमंड रिसर्च एंड मर्केंटाइल (ड्रीम) सिटी’ का हिस्सा है, जबकि गुजरात की पूर्व सीएम आनंदीबेन पटेल ने फरवरी 2015 में एसडीबी और ड्रीम सिटी परियोजना की नींव रखी थी।
