देश

गहलोत के पैरों में गिरकर रोए थे किरोड़ी? डोटासरा के दावे से राजस्थान की राजनीति में बवाल, पूर्व सीएम ने कही ये बात

डोटासरा ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब किरोड़ी लाल मीणा उनके साथ मुख्यमंत्री आवास गए थे। तब वहां किरोड़ी लाल मीणा ने अशोक गहलोत के पैरों में गिरकर अपने खिलाफ दर्ज मामलों को हटाने की मांग कर रहे थे।

Image

डोटासरा के दावे से राजस्थान की राजनीति में बवाल।

राजस्थान की राजनीति में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर एक बार फिर तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बुधवार को कृषि मंत्री किशोरी लाल मीणा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान किरोड़ी लाल मीणा तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पैरों में गिरकर अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे हटाने की गुहार लगा रहे थे। इस आरोप के बाद राजस्थान की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।

डोटासरा ने किए गंभीर दावे

जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब किरोड़ी लाल मीणा उनके साथ मुख्यमंत्री आवास गए थे। उन्होंने दावा किया कि मीणा ने उनसे कुछ देर बाहर इंतजार करने को कहा और अकेले में अशोक गहलोत से मुलाकात की। मुलाकात के बाद अशोक गहलोत ने उन्हें बताया कि किरोड़ी लाल मीणा उनके पैरों में गिरकर अपने खिलाफ दर्ज मामलों को हटाने की मांग कर रहे थे।

डोटासरा ने कहा कि जो व्यक्ति कभी अपने ऊपर दर्ज मुकदमे हटाने के लिए गिड़गिड़ा रहा था, वही आज कांग्रेस नेताओं पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगा रहा है। उन्होंने किरोड़ी पर लगातार कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब उनके खिलाफ लगे आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

इस दौरान डोटासरा ने कांग्रेस नेता ने कृषि मंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें नैतिकता है तो उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देकर खुली जांच का सामना करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले ढाई वर्षों से जांच के नाम पर केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।

डोटासरा ने यह भी कहा कि उन्होंने विधानसभा में पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं और कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच के साथ-साथ खाद और बीज से जुड़े कथित घोटालों की भी जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

किरोड़ी लाल मीणा का पलटवार

वहीं, डोटासरा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए किरोड़ी लाल मीणा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर ही गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि डोटासरा को जनता के सामने यह बताना चाहिए कि उनके परिवार के सदस्यों को प्रशासनिक अधिकारी बनाने के लिए कौन-कौन से तरीके अपनाए गए। मीणा ने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में भर्ती परीक्षाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठे,वे आज भी झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया और अब अपनी जवाबदेही से बचने के लिए राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं।

गहलोत भी आए डोटासरा के समर्थन में

विवाद बढ़ने के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी डोटासरा के समर्थन में उतर आए। गहलोत ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि किरोड़ी लाल मीणा लंबे समय से कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में उनका कोई भी आरोप सिद्ध नहीं हो सका।

गहलोत ने कहा कि अब जब स्वयं किरोड़ी लाल मीणा पर आरोप लग रहे हैं तो वे परेशान दिखाई दे रहे हैं और जांच एजेंसियों पर दबाव में काम करने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और झूठ की राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चल सकती।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!