Arrah: बिहार के आरा में एक कुत्ते का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोग अपने घरों से निकलने में डर रहे हैं। इस कुत्ते ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। यह अब तक 80 से ज्यादा लोगों को काट चुका है। काटने से घायल लोग जिले के सदर अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल के बाहर लंबी लाइन लगी हुई है। कई अन्य रिपोर्टों में कहा गया है कि यह कुत्ता 100 से ज्यादा लोगों को काट चुका है। कुत्ते के काटने से लोग दहशत में हैं। इस कुत्ते को पकड़ने के लिए प्रशासन को काफी हाथ-पांव मारने पड़ रहे हैं।
अस्पताल में टीका लगवाने के लिए लगी लाइन
एक व्यक्ति ने बताया कि उनका लड़का काम से लौट रहा था तभी सड़क पर इस कुत्ते ने उसे काटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने वहां 10 से 12 लोगों पर हमला किया। अस्पताल में रैबीज का टीका लगवाने के लिए लोगों की लाइन लगी हुई है। प्रशासन की टीम गुरुवार रात इस कु्त्ते को ढूंढती रही। उसने एक कुत्ते को पकड़ने का दावा किया है लेकिन सवाल है कि क्या वह वही कुत्ता है जिसने लोगों को काटा है? प्रशासन अभी इस पर कुछ नहीं कह रहा है।
पकड़ने के लिए प्रशासन की कई टीमें लगीं
प्रशासन के लोगों का कहना है कि वे कुत्ते को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं, अगर पकड़ में नहीं आया तो उसे मारने के बारे में सोचा जाएगा। बहरहाल, कुत्ता पकड़ने वाली कई टीमें आरा के अलग-अलग इलाकों में तैनात हैं और उसे पकड़ने में जुटी हैं। अस्पताल पहुंचे लोगों का कहना है कि उन पर हमला करने वाला कुत्ता स्ट्रीट डॉग है, पालतू नहीं। जिन लोगों को कुत्ते ने काटा है उन्हें अस्पताल ले जाकर रैबीज का टीका लगाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
