Tamil Nadu Elections: तमिलनाडु सरकार में मंत्री एस रेगुपति ने शनिवार को कहा कि राज्य के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन भविष्य में मुख्यमंत्री जरूर बनेंगे और इसमें कोई संदेह नहीं है। पुडुकोट्टई में संवाददाताओं से मुखातिब रेगुपति ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अतीत में राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों ने यह भी दावा किया था कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) प्रमुख एमके स्टालिन कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे।
DMK नेता ने क्या कुछ कहा?
रेगुपति ने कहा कि स्टालिन ने इन दावों को झुठलाते हुए सफलतापूर्वक मुख्यमंत्री पद हासिल किया। उन्होंने कहा कि इसी तरह उदयनिधि स्टालिन भी भविष्य में मुख्यमंत्री बनेंगे और इसमें कोई संदेह नहीं है। द्रमुक को सत्ता से “उखाड़ फेंकने” की गृह मंत्री की टिप्पणी पर रेगुपति ने कहा कि पार्टी की जड़ें इतनी गहरी हैं कि शाह उन्हें ढूंढ़ भी नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा, “शाह जड़ों को हिला भी नहीं सकते।”
शाह ने 22 अगस्त को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनका एकमात्र एजेंडा अपने बेटे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा था कि इसी तरह स्टालिन का एकमात्र एजेंडा अपने बेटे उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाना है। गृह मंत्री ने तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था कि सोनिया और स्टालिन अपने एजेंडे में सफल नहीं हो पाएंगे, क्योंकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) विजयी बनकर उभरेगा।
स्टालिन पर बरसे शाह
शाह की इस टिप्पणी पर कि स्टालिन को 130वें संविधान संशोधन विधेयक को ‘काला विधेयक’ कहने का कोई अधिकार नहीं है, रेगुपति ने कहा कि उनकी पार्टी न्यायपालिका में विश्वास करती है, न कि भाजपा शासन की ओर से लाए गए ‘काले विधेयक’ में। उन्होंने भरोसा जताया कि संसद में उस ‘काले विधेयक’ का पारित होना दूर की बात है और अगर इसे पारित कर भी दिया गया, तो पार्टी के वकील अदालत में इसकी वैधता को सफलतापूर्वक चुनौती देने में सक्षम होंगे।
रेगुपति ने एक सवाल के जवाब में कहा कि तमिलनाडु में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव के नतीजे शाह को सबक सिखाएंगे कि राज्य में चुनावी परिदृश्य देश के अन्य हिस्सों से बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा, “शाह तमिलनाडु के चुनावी परिदृश्य से अनजान हैं और द्रमुक राज्य में अपनी सत्ता बरकरार रखेगी।” शाह ने भरोसा जताया था कि तमिलनाडु में भाजपा, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) और राजग के अन्य घटक दल 2026 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर सरकार बनाएंगे।
