देश

दिशा सालियान केस की निगरानी करेंगी CBI की तेज तर्रार अफसर सीमा पाहुजा, हाथरस-RG कर केस में निभा चुकी हैं अहम भूमिका

Disha Salian Case: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। हाथरस कांड और आरजी कर केस को सुलझाने वाली सीबीआई की तेज-तर्रार अधिकारी सीमा पाहुजा को दिशा सालियान केस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Image

दिशा सालियान केस की निगरानी करेंगी CBI अधिकारी सीमा पाहुजा

Photo : Times Now Digital

Disha Salian Case: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीबीआई अधिकारी सीमा पाहुजा दिशा सालियान केस की निगरानी करेंगी। इससे पहले, सीमा पाहुजा उन्नाव केस, हाथरस कांड और कोलकाता के आरजी कर केस समेत कई चर्चित मामलों की जांच में अहम भूमिका निभा चुकी हैं।

दिशा सालियान केस में सीमा पाहुजा को जिम्मेदारी ऐसे समय पर सौंपी गई जब सीबीआई ने बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की है।

कौन हैं सीमा पाहुजा?

सीमा पाहुजा फिलहाल सीबीआई दिल्ली की स्पेशल क्राइम यूनिट में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनात हैं। उन्हें जटिल और चर्चित मामलों की जांच का लंबा अनुभव है। बताया जा रहा है कि दिशा सालियान मामले में भी वह जांच की निगरानी करेंगी।

हाथरस केस की जांच में अहम भूमिका

सीमा पाहुजा का नाम देश के चर्चित और जटिल मामलों की जांच से भी जुड़ा रहा है। जब उत्तर प्रदेश के हाथरस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई तो सीमा पाहुजा उस 15 सदस्यीय जांच टीम का हिस्सा रहीं, जिसे मामले की छानबीन के लिए गठित किया गया था। इस दौरान, जांच टीम ने घटनाक्रम, उपलब्ध सबूतों और संबंधित लोगों के बयानों की पड़ताल की थी।

इतना ही नहीं, सीमा पाहुजा का नाम हिमाचल के गुड़िया केस से भी जुड़ा रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबीआई ने इस मामले की जांच की जिम्मेदारी सीमा पाहुजा को दी थी, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया और मामले को सुलझाया था।

सीमा पाहुजा को जांच के क्षेत्र में उनके अविश्वनीय काम के लिए 2021 में बेस्ट इन्वेस्टिगेटिव अफसर का गोल्डन अवॉर्ड भी मिला था।

छह साल बाद FIR दर्ज

दिशा सालियान की 2020 में हुई मौत मामले में छह साल बाद एक नाटकीय मोड़ सामने आया है। बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की। हालांकि, एफआईआर में किसी को भी नामजद आरोपी नहीं बनाया गया है। एफआईआर 13 सितंबर को दर्ज की गई। इसमें आपराधिक साजिश, सामूहिक दुष्कर्म, हत्या, सबूत मिटाने और अपराधियों को बचाने के लिए लोक सेवकों द्वारा गलत रिकॉर्ड तैयार करने से जुड़ी भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराएं लगाई गई हैं।

कब हुई दिशा सालियान की मौत?

एफआईआर में कहा गया कि 28 वर्षीय दिशा सालियान अपनी मौत के समय सेलिब्रिटी मैनेजर के तौर पर काम कर रही थीं। यह कथित घटना 8 और 9 जून 2020 की दरमियानी रात को मुंबई के मलाड इलाके की एक आवासीय इमारत में हुई थी। दिशा के पिता के बयान के मुताबिक, सालियान 4 जून 2020 को एक विज्ञापन की शूटिंग के सिलसिले में घर से गई थीं। छह जून तक वह लगातार संपर्क में रहीं, लेकिन सात जून से मोबाइल फोन पर संपर्क नहीं हो सका और बाद में उनके मोबाइल फोन पर उनके मंगेतर ने जवाब दिया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article