Delhi Pilot Arrested: दिल्ली से एक निजी एयरलाइन के पायलट को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि पायलट को स्पाई (जासूसी) कैमरे से महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि वह एक लाइटर के अंदर जासूसी कैमरा छिपाकर ले जाता था।
यूपी के आगरा का रहने वाला पायलट
पायलट की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा के सिविल लाइंस इलाके के निवासी 31 वर्षीय मोहित प्रियदर्शी के रूप में हुई है। बता दें कि 30 अगस्त को एक महिला की शिकायत के बाद आरोपी पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया।
महिला ने बताई आपबीती
IANS की रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि 30 अगस्त की रात लगभग 10.20 बजे वह किशनगढ़ गांव के शनि बाजार में थी, जहां उसने देखा कि एक व्यक्ति लाइटर जैसे उपकरण का इस्तेमाल करके उसकी बिना सहमति के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश कर रहा था।
दूसरी ओर जांच शुरू करते हुए CCTV फुटेज को चेक किया गया, जहां फिर संदिग्ध की तस्वीर सामने आने पर तलाश शुरू की गई। इसके बाद जाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब जहां पुलिस ने धारा 77/78 BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, पायलट ने अपना अपराध कबूल कर लिया है और पुलिस को बताया है कि वह अविवाहित है और अपनी निजी संतुष्टि के लिए उसने ऐसे वीडियो बनाए थे। उसके पास से एक छिपा हुआ जासूसी कैमरा बरामद कर लिया गया है।
