एंटरटेनमेंट जगत में आज कई खबरें चर्चा में हैं। रश्मिका मंदाना ने साफ किया है कि वह अपने परिवार पर होने वाले हमलों को बर्दाश्त नहीं करेंगी। शाहरुख खान की फिल्म किंग के पोस्टर्स को लेकर भी बड़ा अपडेट आया है। दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट में मारपीट और ई-सिगरेट का वीडियो वायरल हुआ है। वहीं, पंचायत के पांचवें सीजन के ट्रेलर की तारीख सामने आ गई है। किच्चा सुदीप और निर्देशक प्रेम फिर साथ काम कर रहे हैं। इसके अलावा बिग बॉस तमिल के विजेता मुथुकुमारन पर केस, पूनम पांडे का बयान, शिल्पा शेट्टी की सालगिरह और दृश्यम 3 की ओटीटी रिलीज भी सुर्खियों में हैं।
रश्मिका मंदाना ने कहा है कि वो अपने काम और एक्टिंग को लेकर होने वाली आलोचना को नजरअंदाज कर सकती हैं, लेकिन परिवार पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेंगी। 'कॉफी विद करण 9' में विजय देवरकोंडा के साथ आने के बाद दोनों को ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। परिवार पर हमला हुआ तो वो 'फुल वॉरियर मोड' में आ जाएंगी।
शाहरुख खान की फिल्म किंग को लेकर पोस्टर से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के पोस्टर डिजाइनर ने बताया कि फिल्म के हर कलाकार के लिए अलग कैरेक्टर पोस्टर जारी किया जाएगा। उनके मुताबिक, करीब 12 से 15 पोस्टर सामने आ सकते हैं। यानी फिल्म में नजर आने वाले कलाकारों के किरदारों की झलक अलग-अलग पोस्टर्स के जरिए देखने को मिलेगी।
दिलजीत दोसांझ के 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए कॉन्सर्ट के दो वीडियो चर्चा में हैं। एक वीडियो में कुछ लड़के आपस में धक्का-मुक्की और लात-घूंसे चलाते दिख रहे हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में एक शख्स ई-सिगरेट पीता नजर आया। कॉन्सर्ट में ई-सिगरेट और वेप ले जाने पर रोक थी। फिलहाल लड़ाई की वजह सामने नहीं आई है।
'पंचायत' के पांचवें सीजन का ट्रेलर 23 नवंबर को रिलीज होगा। प्राइम वीडियो ने नए प्रोमो के जरिए यह जानकारी दी है। वीडियो में बनराकस यानी दुर्गेश कुमार फुलेरा की कमान संभालते नजर आ रहे हैं। वो गांव में अपनी सत्ता का ऐलान करते हुए कहते हैं, 'अब शुरू होगा हमारा राज!' सीजन 5 की स्ट्रीमिंग 3 दिसंबर से प्राइम वीडियो पर होगी।
कन्नड़ एक्टर किच्चा सुदीप और निर्देशक प्रेम करीब आठ साल बाद एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। दोनों इससे पहले फिल्म 'द विलेन' में साथ आए थे। अब उनकी अगली फिल्म के टाइटल का ऐलान 27 नवंबर को किया जाएगा। सुदीप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस खास दिन का संकेत दिया है। फिल्म को लेकर बाकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
'बिग बॉस तमिल 8' के विजेता मुथुकुमारन जेगतीसन के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दोनों की पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी और मुथुकुमारन ने शादी का वादा करके उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का दावा है कि बाद में उन्होंने शादी से इनकार कर दिया। पुलिस ने BNS की धारा 69 के तहत केस दर्ज किया है और पूछताछ के लिए बुलाने की बात कही है।
पूनम पांडे ने कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के दूसरे सीजन में अपने एपिसोड के रिलीज न होने पर चुटकी ली है। उन्होंने सेट की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, 'लगता है मेरा सीजन 2 का एपिसोड कुछ ज्यादा ही विवादित था, इसलिए पोस्ट नहीं किया।' तस्वीरों में उनके साथ समय रैना और पैनल के दूसरे सदस्य भी नजर आए। एपिसोड रिलीज न होने की वजह अब तक सामने नहीं आई है।
शमिता शेट्टी ने अपनी बहन शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा को शादी की सालगिरह की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर दोनों के लिए प्यार भरा पोस्ट शेयर किया। शिल्पा ने भी अपनी बहन के पोस्ट पर जवाब देते हुए 'लव यू' लिखा। शिल्पा और राज की शादी 22 नवंबर 2009 को हुई थी।
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' 27 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो सकती है। फिल्म को नेटफ्लिक्स की आने वाली फिल्मों की सूची में शामिल किया गया है, हालांकि प्लेटफॉर्म की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
मलयालम गायक सलीम कोडाथूर ने दावा किया है कि करीब 10 साल पहले फेयरनेस क्रीम इस्तेमाल करने के बाद उन्हें गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हुई थीं। उनके मुताबिक, दोस्त की सलाह पर क्रीम लगाने के कुछ समय बाद उन्हें यूरिन इन्फेक्शन, शरीर में सूजन और दूसरी परेशानियां होने लगीं। जांच के बाद उन्हें मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नाम की किडनी की बीमारी का पता चला। सलीम ने कहा कि इस बीमारी के कारण उन्हें कई कार्यक्रम भी रद्द करने पड़े। उन्होंने क्रीम के इस्तेमाल को अपनी बीमारी से जोड़ा है।