देश

चाणक्यपुरी में दिखे नेतन्याहू के खिलाफ पोस्टर, पुलिस छानबीन हुई तो ये सच आया सामने

पुलिस सूत्रों ने कहा कि एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई और गृह मंत्रालय को भेजी गई, जिससे उचित कार्रवाई का निर्धारण करने के लिए विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय किए जाने की उम्मीद है।

Image

बेंजामिन नेतन्याहू

Photo : AP

Posters Targeting Netanyahu Surface in Chanakyapuri: दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को एक पश्चिम यूरोपीय देश के दूतावास कर्मचारी द्वारा यहां चाणक्यपुरी इलाके में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के वांछित होने संबंधी पोस्टर लगाने के बारे में सूचित किया है। घटना 29 मई को सुबह करीब 7.30 बजे प्रकाश में आई, जब चाणक्यपुरी थाने के कर्मियों ने मालचा मार्ग पर कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल और अमेरिकी दूतावास स्कूल के पास बिजली के खंभों पर दो ऐसे पोस्टर देखे। चाणक्यपुरी में कई दूतावास और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के कार्यालय हैं, और यहां अत्यंत निगरानी रखी जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा शख्स

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, बीट स्टाफ ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और पोस्टर हटाने के निर्देश जारी किए गए। इसके बाद, पुलिस दलों ने जांच शुरू की और जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखे। अधिकारी ने कहा, फुटेज देखने पर, नीली शर्ट और काली पतलून पहने एक व्यक्ति सुबह करीब 5.30 बजे साइकिल पर आता हुआ दिखाई दिया। उसे बिजली के खंभे पर पोस्टर लगाते हुए देखा गया। आगे के विश्लेषण से जांचकर्ताओं को पता चला कि वह सरदार पटेल मार्ग पर स्थित एक फ्लैट में जा रहा था।

शख्स पश्चिम यूरोपीय देश के दूतावास का कर्मचारी

पुलिस की एक टीम उस आवास पर पहुंची और पाया कि वहां रहने वाला व्यक्ति एक पश्चिम यूरोपीय देश के दूतावास का कर्मचारी है। अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति का विवरण नोट कर लिया गया था, लेकिन राजनयिक छूट के कारण आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले की संवेदनशील प्रकृति और संबंधित व्यक्ति के राजनयिक दर्जे को देखते हुए, दिल्ली पुलिस ने इस मुद्दे को आगे बढ़ाने का फैसला किया। पुलिस सूत्रों ने कहा कि एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई और गृह मंत्रालय को भेजी गई, जिससे उचित कार्रवाई का निर्धारण करने के लिए विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय किए जाने की उम्मीद है।

गृह मंत्रालय को भेजी रिपोर्ट

एक सूत्र ने कहा, इस मामले को उच्चतम स्तर पर निपटाया जा रहा है। नई दिल्ली रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस मुख्यालय को एक रिपोर्ट सौंपी, जिसे पिछले सप्ताह बाद में गृह मंत्रालय को भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय की ओर से जवाब का इंतजार है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चाणक्यपुरी इलाके में कड़ी निगरानी जारी है। दिल्ली पुलिस प्रवक्ता को इस बारे में प्रतिक्रिया लेने के लिए कई कॉल किए गए और संदेश भेजे गए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!