दिल्ली में लाल किला ब्लास्ट के बाद आतंकियों द्वारा फिर उसी तरह की साजिश रचने के एक मामले का दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भंडा फोड़ किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेश के आतंकी संगठनों से जुड़े 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इनकी तस्वीरें भी जारी की हैं। ये संदिग्ध आतंकी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी आतंकी संगठनों के समर्थन वाली सामग्री और संदेश प्रसारित कर रहे थे। वे भारत के खिलाफ गतिविधियों में भी संलिप्त थे।
दिल्ली पुलिस ने जिन 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है। इनको तमिलनाडु के अलग-अलग इलाकों उथुकुली, पल्लादम और तिरुमुरुगनपुंडी से पकड़ा गया है। इसके अलावा बंगाल से भी गिरफ्तारी शामिल है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के मुताबिक, ये सभी अपनी पहचान छिपाकर गारमेंट सेक्टर में काम कर रहे थे और किसी बड़ी साजिश की योजना बना रहे थे। उनके पास से फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
संदिग्धों की गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से आठ मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियों को संदेह है कि वे इनका इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों और संपर्कों के लिए कर रहे थे। स्पेशल सेल के मुताबिक, आरोपियों ने अपनी योजना के तहत कई शहरों में रेकी भी की थी। इतना ही नहीं उन्होंने राजधानी दिल्ली में 'फ्री कश्मीर' वाले पोस्टर भी लगाए थे। पुलिस का यह भी दावा है कि वे लाल किला ब्लास्ट जैसी ही किसी साजिश की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार किए गए छह संदिग्धों में से एक आरोपी बांग्लादेश का नागरिक है। सभी को तमिलनाडु और बंगाल से दिल्ली लाया जा रहा है। यहां उनसे और भी सख्ती के साथ पूछताछ की जाएगी।
स्पेशल सेल के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक की मिली जानकारी से संकेत मिले हैं कि ये नेटवर्क देश से बाहर बैठे विदेशी आतंकी संगठनों के संपर्क में था और देश में अस्थिरता फैलाने की साजिश रच रहा था। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित लिंक की भी पड़ताल की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से देख रही हैं और किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि को विफल करने के लिए सतर्क हैं।
