देश

Schools Bomb Threat Update: स्कूलों में मची अफरातफरी, परेशान रहे अभिभावक, सर्च ऑपरेशन में कुछ नहीं मिला, जानिए हर अपडेट

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, उसे शहर के विभिन्न स्कूलों से बम रखे होने की धमकी से जुड़े 97 फोन कॉल आए। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्कूलों में बम रखे होने की धमकी अफवाह लगती है, लोगों से अपील की गई है कि घबराएं नहीं।

Image

बम की धमकी से स्कूलों में अफरातफरी

Photo : PTI

School Bomb Threat Update: दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों को ईमेल पर बम की धमकी से आज भारी अफरातफरी मची। खास तौर पर दिल्ली के कई नामी-गिरामी स्कूलों को मिली धमकी ने पुलिस-प्रशासन के भी होश उड़ा दिए। मामले की गंभीरता ऐसी रही कि दिल्ली पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता इन स्कूलों में पहुंचे और सर्च अभियान चलाया। स्कूलों को तुरंत खाली करवा लिया गया और छात्रों को घर भेज दिया गया। अब तक पुलिस को छानबीन में कुछ नहीं मिला।

छात्र और अभिभावक रहे परेशान

इस पूरे वाकये के कारण छात्र और अभिभावक परेशान रहे। बसों से आने वाले छात्रों को उनके घर भेज दिया गया। लेकिन निजी तौर पर स्कूल आने वाले छात्रों के माता-पिता को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि, स्कूल प्रशासन ने इनसे संयम से काम लेने और नहीं घबराने की बात कही, लेकिन अभिभावक चिंता में डूबे रहे। आनन-फानन में बच्चों के माता-पिता स्कूल पहुंचे और यहां भीड़ लग गई। राहत की बात ये रही कि धमकी फर्जी निकली और छानबीन में कहीं कुछ नहीं मिला।

आईपी एड्रेस रूस का

दिल्ली पुलिस इस धमकी भरे ईमेल का आईपी एड्रेस पता किया। इसे रूस के सर्वर से भेजा गया था। दिल्ली पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि कल से अब तक कई स्कूलों को मेल भेजा गया है। मेल में डेट लाइन का जिक्र नहीं है। इसमें BCC का जिक्र है, जिसका मतलब है कि एक ही मेल कई जगहों पर भेजा गया है। धमकी के मेल के आखिरी में डॉट कॉम में सभी मेल को CC किया गया है और RU लिखा हुआ है जो रूस की तरफ इशारा करता है। पर जरूरी नही है कि सभी मेल रूस में बैठकर स्कूलों को भेजी गई हों। भारत मे बैठकर भी ऐसी साजिश की जा सकती है।

80 स्कूलों को बम रखे होने की धमकी मिली

वहीं, दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, उसे शहर के विभिन्न स्कूलों से बम रखे होने की धमकी से जुड़े 97 फोन कॉल आए। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्कूलों में बम रखे होने की धमकी अफवाह लगती है, लोगों से अपील की गई है कि घबराएं नहीं। एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कम से कम 80 स्कूलों को बम रखे होने की धमकी मिली है।

गृह मंत्रालय ने कहा, घबराएं नहीं

उधर, धमकी वाले ईमेल को लेकर गृह मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां जरूरी कदम उठा रही हैं। दिल्ली के कुछ स्कूलों को धमकी भरे मेल के संबंध में गृह मंत्रालय ने भी बयान जारी किया। गृह मंत्रालय ने कहा, घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसा लगता है कि यह फर्जी कॉल है। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां प्रोटोकॉल के मुताबिक जरूरी कदम उठा रही हैं।

नोएडा पुलिस ने कहा, अफवाह फैलाई गई

वहीं, स्कूलों में बम होने के धमकी भरे ईमेल के बाद गौतमबुद्ध नगर के कई स्कूल सामान्य रूप से चल रहे हैं। कई स्कूलों ने बच्चों को जल्द घर भेजने के लिए पेरेंट्स को मैसेज कर दिया। वहीं कुछ स्कूलों के प्रिंसिपल ने अभिभावकों को संदेश भेजा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, सब कुछ सामान्य है। पुलिस ने भी कहा है कि परेशान करने के लिए अफवाह फैलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने भी इसे होक्स ईमेल बताया है, लेकिन उन्होंने कहा कि चेकिंग जारी रहेगी।

बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वायड टीम रही तैनात

बुधवार सुबह डीपीएस स्कूल में बम होने के धमकी भरे ईमेल के बाद सभी बच्चों को घर वापस भेज दिया गया था। पुलिस टीम बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वायड टीम लगातार चेकिंग कर रही है। लेकिन कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली। स्कूल में आए इस धमकी भरे ईमेल के बाद कई स्कूलों ने बच्चों की जल्द छुट्टी का मैसेज पेरेंट्स को भेज दिया, तो कुछ पेरेंट्स अपने बच्चों को स्कूल जाकर पहले ही ले आए।

पुलिस के अनुसार, दक्षिण जिले में 15 से अधिक स्कूलों में, जबकि दक्षिण-पश्चिम में सात से अधिक और द्वारका जिले में छह से अधिक स्कूलों में ईमेल मिला है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि टीमें द्वारा 40 से अधिक स्कूलों की तलाशी ली गई है और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। बम निरोधक दस्ते तलाश जारी रखे हुए हैं। यह मेल स्कूलों को सुबह-सुबह मिला। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। डीपीएस द्वारका, संस्कृति स्कूल, इंडियन स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल और पुष्प विहार में एमिटी स्कूल सहित दिल्ली के कई स्कूलों को बुधवार को ईमेल के माध्यम से बम की धमकी का सामना करना पड़ा।

इन स्कूलों को मिली धमकी

संस्कृति स्कूल, चाणक्यपुरी

मदर मैरी स्कूल, मयूर विहार

द्वारका डीपीएस, दिल्ली

डीपीएस नोएडा

एमिटी स्कूल, पुष्पविहार, दिल्ली

DAV श्रेष्ठ विहार, दिल्ली

BGS इंटरनेशनल स्कूल, द्वारका, दिल्ली

डीएवी स्कूल विकासपुरी, दिल्ली

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article