दिल्ली के कथित आबकारी घोटाले से जुड़े मामले में शनिवार (11 मार्च, 2023) को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की एमएलसी नेता के.कविता प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष हाजिर हुईं। वैसे, उनके पिता और तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव ने इस बाबत आशंका जताई कि ईडी बेटी को गिरफ्तार कर सकती है।
ईडी के सामने पेशी से एक रोज पहले शुक्रवार (10 मार्च, 2023) को देश की राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को पास कराने (संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में, जो 13 मार्च से चालू हो छह अप्रैल को खत्म होगा) की मांग को लेकर छह घंटे की भूख हड़ताल की। 12 सियासी दलों के नेता उनके इस अनशन में सपोर्ट करने पहुंचे, मगर कांग्रेस की ओर से कोई नहीं पहुंचा।
कविता ने कहा, ‘‘सभी दल इस बारे में बातें तो करते हैं, पर कोई भी विधेयक को पारित कराने के लिए कदम नहीं बढ़ा रहा है।’’ उन्होंने यह भी कहा- साल 1996 से लेकर अब तक कई सियासी दलों ने इस बिल को लाने की कोशिश की, पर यह पास न हो सका। मेरा वादा है कि इस बिल के पेश होने और इसे मंजूरी मिलने तक हम इस विरोध-प्रदर्शन को जारी रखेंगे।
