देश

AI Summit Protest: चार लोगों को बताया गया मुख्य साजिशकर्ता, दिल्ली पुलिस ने 5000 पन्नों की चार्जशीट की दाखिल

AI Summit Protest: दिल्ली में हुए एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन मामले में पुलिस ने 18 युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ 5000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। चार लोगों को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है।

Image

चार मुख्य आरोपियों को बताया गया साजिशकर्ता

Photo : PTI

AI Summit Protest: नई दिल्ली में हुए भारत एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन मामले में अब बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस मामले में 18 भारतीय युवा कांग्रेस (Indian Youth Congress case) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ 5000 से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस ने इसमें चार लोगों को मुख्य साजिशकर्ता बताया है, जिन पर पूरे प्रदर्शन की योजना बनाने और उसे अंजाम देने का आरोप है। यह घटना 20 फरवरी 2026 की है, जब नई दिल्ली के भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट समिट आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवा कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंचे और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे।

क्राइम ब्रांच को मिले कई अहम सबूत

बताया गया कि कुछ प्रदर्शनकारी बिना शर्ट के भी विरोध कर रहे थे, जिससे वहां माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। पुलिस के मुताबिक, इस प्रदर्शन से कार्यक्रम की व्यवस्था प्रभावित हुई। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को कई अहम सबूत मिले हैं। चार्जशीट में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह प्रदर्शन अचानक नहीं था, बल्कि पहले से पूरी योजना बनाकर किया गया था। मुख्य आरोपियों ने बाकी कार्यकर्ताओं को संगठित किया और प्रदर्शन को अंजाम दिया।

मामले में कई लोगों को किया गया था गिरफ्तार

इस मामले में पहले कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, कुछ आरोपियों को बाद में अदालत से जमानत मिल गई। लेकिन पुलिस अब भी मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कर रही है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब इस मामले की सुनवाई अदालत में शुरू होगी।

वहीं, कांग्रेस पार्टी ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से जुड़ा बताया है। उनका कहना है कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि यह पूरी तरह कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। अब सबकी नजर अदालत के फैसले पर है, जिससे यह तय होगा कि इस मामले में आगे क्या रुख अपनाया जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें