देश

'पिछले चुनाव से 1,700 ज्यादा वोट मिले...', दतिया उपचुनाव में BJP की हार पर क्या-क्या बोले CM मोहन यादव?

Datia By Election Result: दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में भाजपा को 1,700 अधिक वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराकर सीट बरकरार रखी।

Image

दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार पर सीएम मोहन यादव ने दी प्रतिक्रिया। ANI

Photo : ANI

Datia By Election Result: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र और जनता के जनादेश का पूरा सम्मान करती है।

'हमें इस सीट पर 1,700 अधिक वोट मिले'

भोपाल में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "यह अलग बात है कि पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में हमें 1,700 अधिक वोट मिले हैं। चुनाव और लोकतंत्र के माध्यम से जनता जो विश्वास जताती है, वह हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास को दर्शाता है।"

उन्होंने भाजपा की चुनावी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी ने मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की। उन्होंने इसे स्वतंत्रता के बाद पहली बार हासिल हुई उपलब्धि बताया। इसके अलावा भाजपा ने राज्य की तीनों राज्यसभा सीटों पर भी जीत दर्ज की।

'जतना का जनादेश स्वीकार'

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव का यही उद्देश्य होता है कि सभी राजनीतिक दल अपना-अपना पक्ष जनता के सामने रखें। उन्होंने कहा, "हमने अपना पक्ष रखा, कांग्रेस ने अपना पक्ष रखा। जनता ने जो जनादेश दिया है, हम उसे स्वीकार करते हैं। आने वाले चुनाव हम और अधिक दृढ़ संकल्प तथा उत्साह के साथ लड़ेंगे और जीतने का प्रयास करेंगे।" दतिया उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को हराकर जीत दर्ज की, जिसे मध्य प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

घनश्याम सिंह ने मारी बाजी

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराकर जीत दर्ज की है. 30 जुलाई को हुए मतदान में इस सीट पर 71.44 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। दतिया में मुख्य मुकाबला बीजेपी के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच था. आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव समेत कुल 21 उम्मीदवार मैदान में थे। मतगणना 3 अगस्त की सुबह शुरू हुई, जिसमें शुरुआती बढ़त लेने वाले घनश्याम सिंह ने आखिर तक अपनी बढ़त बरकरार रखी और कांग्रेस ने यह सीट अपने नाम कर ली।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article