देश

Datia By Election Polling: दतिया उप-चुनाव में करीब 72 फीसदी मतदान के साथ वोटिंग खत्म, 21 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद

Datia By Election Polling: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। शाम 6 बजे तक लगभग 72 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव मैदान में उतरे 21 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है, जिसके नतीजे 3 अगस्त को आएंगे।

Image

दतिया सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोटिंग।

Datia By Election Polling: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत बृहस्पतिवार को मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे समाप्त हुई। भारत निर्वाचन आयोग और स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, शाम 6 बजे तक क्षेत्र में लगभग 71.40 से 72 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया। दतिया के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने बताया कि सभी 291 मतदान केंद्रों से अंतिम आंकड़े जुटाए जा रहे हैं, जिसके बाद आधिकारिक अंतिम प्रतिशत जारी किया जाएगा।

इस उपचुनाव में 2.20 लाख से अधिक पात्र मतदाताओं के लिए 186 ग्रामीण और 105 शहरी मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के लिहाज से केंद्रीय बलों की 16 कंपनियां तैनात की गई थीं और अंतरराज्यीय सीमाओं पर भी सख्त चेकिंग अभियान चलाया गया था।

राजनीतिक तौर पर इस सीट पर मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है। हालांकि आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में लगे हैं। इनके अलावा 18 अन्य निर्दलीय व अन्य दलों के प्रत्याशी भी किस्मत आजमा रहे हैं। वोट डालने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह और बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी दोनों ने ही अपनी-अपनी जीत का भारी दावा किया। राज्य के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी मतदान किया और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में परिणाम आने की बात कही।

मतदान के दौरान कांग्रेस ने प्रशासन पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दावा किया कि उनके पोलिंग एजेंट को पुलिस बेवजह उठाकर ले गई ताकि बूथ कैप्चरिंग की जा सके। हालांकि, कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि किसी भी अधिकृत एजेंट को नहीं हटाया गया, बल्कि पोलिंग बूथ के बाहर खड़े कुछ अवांछित कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की गई थी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 के चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने बीजेपी के कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा को हराया था। लेकिन अप्रैल में एक कानूनी मामले में 3 साल की सजा मिलने के बाद भारती की सदस्यता रद्द हो गई थी, जिसके कारण यह उपचुनाव कराना पड़ा। इस बार बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा की जगह नए चेहरे आशुतोष तिवारी पर दांव लगाया है। अब जनता का फैसला ईवीएम में बंद हो चुका है और मतगणना 3 अगस्त को होगी।

दतिया सीट उपचुनाव : मतदान से जुड़े ताजा अपडेट्स

दतिया में दोपहर 3 बजे तक 61.48 प्रतिशत मतदान हुआ है।

-दतिया में दोपहर एक बजे तक 48.91 प्रतिशत मतदान हुआ

-वोटिंग में बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहे लोग

-सुबह 11 बजे तक 32.53 प्रतिशत मतदान

-कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने उपचुनाव के लिए अपना वोट डाला।

-सुबह 9 बजे तक दतिया सीट पर 12.94% वोटिंग हुई।

-वोटिंग शाम छह बजे तक होगी, उप चुनाव के नतीजे 3 अगस्त को आएंगे

-दतिया में मतदाताओं में उत्साह

-अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की गश्त जारी

-इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

-मतदान केंद्रों पर कतार में मतदाता लगे हैं

-दतिया सीट पर उप चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है

मतदान के लिए बनाए गए 291 केंद्र

मतदान के लिए विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 186 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में जबकि 105 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्रों में हैं। इन केंद्रों पर कुल 2,20,344 मतदाता मतदान के पात्र हैं। इनमें 1,16,088 पुरुष और 1,04,246 महिलाएं हैं। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि मतदान के मद्देनजर सभी सुरक्षा कंपनियों की तैनाती कर दी गई है और नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां की जाने वाली हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होगी।

मतदाताओं से बिना डर के मतदान की अपील

उन्होंने कहा कि पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रख रही है और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मतदाताओं से बिना किसी डर के मतदान करने की अपील की है।

विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम प्रचार अभियान समाप्त हो गया। मतदान 30 जुलाई को होगा जबकि मतगणना तीन अगस्त को होगी।

पिछले चुनाव में नरोत्तम मिश्र को मिली हार

आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव भी चुनाव मैदान में हैं, जिनकी वजह से मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है। इन तीनों के अलावा 18 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं जो प्रमुख राजनीतिक दलों की जीत और हार का समीकरण बनाने और बिगाड़ने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था।

इस बार भाजपा ने मिश्र को टिकट नहीं दिया

दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया। हालांकि बाद में भारती को जमानत मिल गई। भाजपा ने इस उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले आशुतोष तिवारी पर दांव लगाया है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article