Robin Uthappa Appears Before ED: पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा सोमवार को एक ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उथप्पा (39) सुबह करीब 11 बजे एजेंसी के कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि ईडी उनसे पूछताछ करेगा और 1xBet नामक एक प्लेटफॉर्म से जुड़े एक मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत उनका बयान दर्ज करेगा।
क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से हुई पूछताछ
इस जांच के सिलसिले में संघीय जांच एजेंसी ने पिछले कुछ हफ़्तों में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन के अलावा पूर्व टीएमसी सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा से भी पूछताछ की है। इसी मामले में ईडी ने पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और अभिनेता सोनू सूद को मंगलवार और बुधवार को तलब किया है। यह जांच 1xBet सट्टेबाजी ऐप के संचालन से संबंधित है, जो ईडी की ऐसे प्लेटफार्म के खिलाफ व्यापक जांच का हिस्सा है, जिसमें कई लोगों और निवेशकों को करोड़ों रुपये की ठगी करने और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष करों की भारी मात्रा में चोरी करने के आरोप हैं।
क्या है 1xBet मामला?
1xBet एक ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म है, जो भारत में अवैध रूप से संचालित हो रहा है। यह प्लेटफॉर्म भारतीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों में लिप्त है। केंद्रीय एजेंसियों ने इसकी वित्तीय लेन-देन, कर चोरी और डेटा सुरक्षा उल्लंघनों की जांच शुरू की है। भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए कोई केंद्रीय कानून नहीं है, लेकिन कई राज्य इसे प्रतिबंधित करते हैं। 2023 में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 174 अवैध सट्टेबाजी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था, जिसमें 1xBet भी शामिल है। इसके अलावा, 2025 में “प्रोमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट” पारित किया गया, जो ऑनलाइन सट्टेबाजी को प्रतिबंधित करता है और इसके लिए दंड का प्रावधान करता है।
1xBet मान्यता प्राप्त सट्टेबाजी कंपनी
कुराकाओ में पंजीकृत कंपनी के अनुसार, 1xBet एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त सट्टेबाज है जो सट्टेबाजी उद्योग में 18 वर्षों से कार्यरत है। ब्रांड के ग्राहक हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगा सकते हैं, कंपनी की वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं। इस जांच के तहत आने वाले दिनों में एजेंसी द्वारा कुछ अन्य खिलाड़ियों, फिल्म अभिनेताओं, ऑनलाइन प्रभावशाली व्यक्तियों और मशहूर हस्तियों से पूछताछ किए जाने की उम्मीद है।
ईडी जांच के दायरे में क्या-क्या?
सूत्रों के अनुसार, ईडी की जांच का उद्देश्य मशहूर हस्तियों से यह जानना है कि सट्टेबाजी कंपनी ने उनसे विज्ञापन प्राप्त करने के लिए कैसे संपर्क किया, भारत में संपर्क के लिए नोडल व्यक्ति कौन थे, भुगतान का तरीका (हवाला या बैंकिंग माध्यम से नकद) और भुगतान का स्थान (भारत या विदेश में) आदि। ऐसा समझा जाता है कि एजेंसी क्रिकेटरों और अभिनेताओं के बयान दर्ज करते हुए उनसे पूछ रही है कि क्या उन्हें पता था कि भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग अवैध है। एजेंसी ने उनसे 1xBet के साथ किए गए अपने अनुबंधों और सभी संबंधित ईमेल और कागजी दस्तावेजों की एक प्रति भी प्रस्तुत करने को कहा है।
क्या पीएमएलए के तहत अपराध आय शामिल?
सूत्रों के अनुसार, एजेंसी मशहूर हस्तियों द्वारा ली गई धनराशि के अंतिम उपयोग पर भी गौर कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उनमें से किसी को पीएमएलए के तहत अपराध की आय के रूप में वर्गीकृत किया जा सकता है। केंद्र सरकार ने हाल ही में एक कानून लाकर भारत में असली पैसे वाले ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगा दिया है। हाल ही में जम्मू-कश्मीर में अपने वरिष्ठ अधिकारियों की एक राष्ट्रीय बैठक के दौरान, प्रवर्तन निदेशालय ने कथित अवैध सट्टेबाजी और गेमिंग से जुड़े इस क्षेत्र में होने वाले वित्तीय अपराधों की जांच के लिए केंद्रित रणनीतियां शुरू करने का भी फैसला किया है।
सरकारी प्रतिबंध से पहले बाजार विश्लेषण फर्मों और जांच एजेंसियों द्वारा किए गए अनुमानों के अनुसार, ऐसे विभिन्न ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के लगभग 22 करोड़ भारतीय उपयोगकर्ता थे, जिनमें से आधे (लगभग 11 करोड़) नियमित उपयोगकर्ता थे।
