देश

Odisha News: कांग्रेस ने ओडिशा में भाजपा सरकार के खिलाफ 'अविश्वास प्रस्ताव' का सौंपा नोटिस

कांग्रेस ने गुरुवार को ओडिशा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन राज्य की 15 महीने पुरानी भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस सौंपा।

Image

कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस सौंपा (फाइल फोटो:PTI)

विधायक दल के नेता रामचंद्र कदम के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा सचिव सत्यव्रत राउत से उनके कक्ष में मुलाकात की और राज्य सरकार के खिलाफ 'अविश्वास प्रस्ताव' लाने की मांग वाली एक याचिका प्रस्तुत की। विधानसभा प्रक्रिया के नियम 117(1) का हवाला देते हुए, कांग्रेस विधायक दल ने नोटिस में कहा 'यह सदन श्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली वर्तमान मंत्रिपरिषद में अविश्वास व्यक्त करता है।'

कदम ने संवाददाताओं से कहा, 'हमने विधानसभा सचिव को अध्यक्ष के नाम एक नोटिस सौंपा है और उनसे अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए इसे स्वीकार करने का आग्रह किया है। हमारे पास 14 कांग्रेस विधायकों और एक माकपा विधायक के हस्ताक्षर हैं।' उन्होंने कहा कि पार्टी ने पहले ही मुख्य विपक्षी दल बीजू जनता दल से भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का आग्रह किया था। कदम ने कहा, 'चूंकि बीजद ने इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाया है, इसलिए हमने अविश्वास प्रस्ताव के लिए नोटिस दिया है और क्षेत्रीय पार्टी से कांग्रेस के कदम का समर्थन करने का अनुरोध किया है।'

उन्होंने यह भी कहा, 'अगर बीजद अलग से भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाती है, तो हमें उसका समर्थन करने में कोई हिचकिचाहट नहीं है।' बाद में, कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल विधानसभा परिसर में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक के कक्ष में गया, लेकिन बीजद अध्यक्ष की अनुपस्थिति के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। हालाँकि, उन्होंने विपक्ष के नेता के कक्ष में मौजूद दो बीजद विधायकों के साथ इस मामले पर चर्चा की।

हालाँकि, विपक्ष की मुख्य सचेतक और वरिष्ठ बीजद नेता प्रमिला मलिक ने कहा, 'उन्होंने (कांग्रेस) अभी तक हमसे संपर्क नहीं किया है। उन्हें जो करना है करने दीजिए, बीजद अपना फैसला खुद लेगा।'

कदम ने कहा कि बीजद दावा कर रही है कि सरकार हर मोर्चे पर 'विफल' रही है। उन्होंने कहा, 'हम यह भी दावा कर रहे हैं कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसानों, दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़ा वर्ग की समस्याओं के समाधान में विफल रही है। इसलिए, बीजद हमारे कदम का समर्थन करे या उन्हें अलग से कोई कदम उठाने दे, हम उसका समर्थन करेंगे।'

'कांग्रेस खुद को हंसी का पात्र बना रही है उनके पास भाजपा के आस-पास भी संख्याबल नहीं है'

हालांकि, वरिष्ठ भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री जयनारायण मिश्रा ने कांग्रेस के इस कदम का मज़ाक उड़ाते हुए कहा, 'कांग्रेस खुद को हंसी का पात्र बना रही है। उनके पास भाजपा के आस-पास भी संख्याबल नहीं है। इसलिए, व्यर्थ प्रयास करने का कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस और बीजद के बीच विपक्ष के तमगे को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही है।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article