Digvijay Singh Organisation Row: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा की प्रशंसा करने को लेकर घमासान मचा हुआ है। कई कांग्रेस दिग्विजय सिंह की टिप्पणी की आलोचना कर रहे हैं तो कुछ ने उनका समर्थन भी किया है। इसी कड़ी में, पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने फिल्म 'शोले' का जिक्र कर दो टूक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि डाकू भी मजबूत होता है।
सलमान खुर्शीद ने क्या कुछ कहा?
कांग्रेस नेता ने कहा कि जिनसे टिप्पणी की है आपको सबसे पहले उससे सवाल करना चाहिए कि उसने ऐसा क्यों कहा। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि अंतिम पंक्ति पर बैठे व्यक्ति के आंसू पोंछना हमारा काम है। उन्होंने कहा, ''एक डाकू भी मजबूत होता है। तो क्या आप अपने बच्चे से कहेंगे कि तुम भी डाकू बन जाओ? क्या आपको शोले फिल्म याद है? जिसमें क्या कहा गया था कि दूर-दूर तक कभी कोई बच्चा रोता है तो उसकी मां कहती है कि चुप हो जा नहीं तो गब्बर आ जाएगा। तो क्या आप ऐसा समाज बनाना चाहते हैं, जहां गब्बर के डर से आप बच्चों को रोने भी नहीं देंगे।''
'दिग्विजय सिंह RSS का करते हैं विरोध'
सलमान खुर्शीद ने कहा, ''...हम उस तरह से मजबूत नहीं होता चाहते हैं जिस प्रकार से आरएसएस मजबूत हैं। हम आरएसएस का विरोध करते हैं। दिग्विजय सिंह और राहुल गांधी आरएसएस का विरोध करते हैं, आरएसएस की जगह पर हम एक ऐसा समाज और संगठन बनाना चाहते हैं जिसमें वह कमियां न हों, जो हमें लगता है कि आरएसएस में हैं...।''
किस बयान पर बरपा हंगामा?
कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक से पहले शनिवार को दिग्विजय सिंह ने आरएसएस-भाजपा की संगठनात्मक मजबूती की प्रशंसा करते हुए एक पुरानी तस्वीर शेयर की थी जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नजर आ रहे थे। उस पोस्ट में पीएम मोदी को एक जमीनी कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा के बारे में चर्चा की गई। दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजूबत करने का भी मुद्दा उठाया था और कहा था कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए यह बेहद जरूरी है।
