देश

2026 के चुनावी रण के लिए कांग्रेस रेडी: 5 राज्यों के लिए बनाई स्क्रीनिंग कमेटी; प्रियंका को इस राज्य की जिम्मेदारी

कांग्रेस ने केरल, असम, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को असम के लिए बनाई गई स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्षता सौंपी गई है।

Image

प्रियंका गांधी

कांग्रेस ने 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी ने पांच राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है, ताकि टिकट वितरण की प्रक्रिया को समय रहते व्यवस्थित और मजबूत किया जा सके। जिन राज्यों में इस साल चुनाव होने हैं, उनमें असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। खास बात यह है कि असम की जिम्मेदारी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को सौंपी गई है, जिसे पार्टी की रणनीतिक रूप से अहम नियुक्ति माना जा रहा है।

प्रियंका को मिली यहां की जिम्मेदारी

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस बाबत विज्ञप्ति जारी की है। इसके अनुसार, असम से संबंधित स्क्रीनिंग कमेटी में प्रियंका गांधी के साथ सप्तगिरि उलाका,इमरान मसूद और श्रीवेला प्रसाद को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।

असम में 2026 के चुनाव कांग्रेस के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं। राज्य में भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में है और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क कांग्रेस के सामने बड़ी बाधा है। ऐसे में प्रियंका गांधी की भूमिका सिर्फ टिकट चयन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संगठन को धार देने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की भी होगी।

मधुसूदन मिस्त्री के पास केरल की जिम्मेदारी

वहीं, केरल के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्षता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री को सौंपी गई है। इस कमेटी में सैयद नासिर हुसैन, नीरज डांगी और अभिषेक दत्त को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। केरल में कांग्रेस सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है और ऐसे में उम्मीदवारों का चयन पार्टी के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।

टीएस सिंहदेव तमिलनाडु और पुडुचेरी करेंगे तमिलनाडु और पुडुचेरी में टिकट समीक्षा

तमिलनाडु और पुडुचेरी से संबंधित स्क्रीनिंग कमेटी की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को दी गई है। उनके साथ यशोमती ठाकुर, जी सी चंद्रशेखर और अनिल कुमार यादव को सदस्य बनाया गया है। दक्षिण भारत में कांग्रेस अपनी सहयोगी राजनीति और संगठनात्मक संतुलन के जरिए मजबूती तलाश रही है।

बी के हरिप्रसाद बंगाल में होंगे सक्रिय

पश्चिम बंगाल के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्षता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बी के हरिप्रसाद को सौंपी गई है। इस कमेटी में मोहम्मद जावेद, ममता देवी और बी पी सिंह को भी शामिल किया गया है। बंगाल में कांग्रेस लंबे समय से हाशिए पर है और पार्टी नए चेहरों के जरिए वापसी की रणनीति पर काम कर रही है।

बता दें कि स्क्रीनिंग कमेटी हर सीट पर टिकट के लिए दावेदारी करने वालों में से कुछ लोगों के नाम पार्टी केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजती है, जहां उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगती है। इन राज्यों में इस वर्ष मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव संभावित है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article