देश

उत्तर से लेकर दक्षिण तक... CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, पुलिस से भिड़ंत, कई हिरासत में

Congress Protest: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन आयोग के भीतर असंतोष संबंधी खबर के बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किया।

Image

कांग्रेस का देशभर में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन (फोटो- Congress & ANI)

Congress Protest: कांग्रेस आज देशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़कों पर उतरी हुई है। चुनाव आयोग के भीतर दो चुनाव आयुक्तों (सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी) द्वारा विभिन्न फैसलों पर दर्ज कराई गई असहमति की रिपोर्ट सामने आने के बाद शुक्रवार को देश के कई राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने सभी फैसलों को सर्वसम्मति से लिया गया करार दिया है।

जम्मू कश्मीर में कांग्रेस के कई कार्यकर्ता हिरासत में

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जम्मू में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार को पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। कांग्रेस सांसद एवं पार्टी महासचिव डॉ. सैयद नासिर हुसैन ने इस विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व किया, जिसमें पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने जम्मू में निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश करते हुए कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए आयोग के कार्यालय के आसपास पुलिस और अर्द्धसैनिक बल की भारी तैनाती की गई थी। सुरक्षाकर्मियों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प भी हुई, जिसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस का घेराव, पुलिस ने भांजी लाठियां और चलाईं वॉटर कैनन

पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में एकत्रित होकर निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को बैरिकेडिंग करनी पड़ी और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान कई प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

हरियाणा कांग्रेस ने शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों की समीक्षा की मांग को लेकर यहां जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय का घेराव करने जा रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन (पानी की बौछारों) का इस्तेमाल किया। यह प्रदर्शन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और राज्य मामलों के पार्टी प्रभारी संजय दत्त के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने "वोट चोरी" के जोरदार नारे लगाए।

दिल्ली में यूथ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की अगुवाई में दिल्ली में विरोध प्रदर्शन हुआ। चिब ने आरोप लगाया कि 13 करोड़ भारतीयों को उनके संवैधानिक मताधिकार से वंचित किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार को जेल नहीं भेजा जाता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा और उन्हें देश छोड़कर नहीं भागने दिया जाएगा।

पटना: 'लोकतंत्र बचाने की लड़ाई', कांग्रेस ने पूछे तीन सवाल

पटना में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सीईसी के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेता ऋषि मिश्रा ने एसएसआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि एसआईआर के आदेश का आधार, फॉर्म 6 में बदलाव का अधिकार और सॉफ्टवेयर द्वारा स्थानीय अधिकारियों (ERO/SDM) के अधिकारों में कटौती का फैसला पूरी तरह असंवैधानिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है, इसलिए तीनों चुनाव आयुक्तों को इस्तीफा देना चाहिए।

अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस का प्रदर्शन

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में विपक्षी कांग्रेस ने शुक्रवार को पार्टी के देशव्यापी आंदोलन के तहत प्रदर्शन किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को रोकने, मतदाता सूची से संबंधित फैसलों की स्वतंत्र जांच कराने और जांच पूरी होने तक आगामी चुनावों को स्थगित रखने की मांग की। पार्टी ने कुमार के खिलाफ आपराधिक मामला चलाने और एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी सभी फाइलों को उच्चतम न्यायालय के पास सुरक्षित रखने की भी मांग की। यह प्रदर्शन राज्य की राजधानी स्थित निर्वाचन भवन के पास किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

असम में गौरव गोगोई ने संभाला मोर्चा

ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को गुवाहाटी प्रदर्शन के दौरान पुलिस बैरिकेड से आगे जाने की कोशिश करने पर कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। गोगोई के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस ने अपने मुख्यालय राजीव भवन से एक मार्च निकाला और उसकी योजना सीईसी का पुतला फूकने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर बढ़ने की थी। पुलिस ने राजीव भवन के पास बैरिकेड लगाए थे, जिन्हें गोगोई समेत प्रदर्शनकारी नेताओं ने पार करने की कोशिश की। उसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। कांग्रेस प्रवक्ता बेदव्रत बोरा ने आरोप लगाया कि नेताओं को ’बलपूर्वक गिरफ्तार’ कर लिया गया। उन्होंने दावा किया गया कि ’यह लोकतंत्र के लिए एक और ख़तरा है।’ गोगोई के अलावा, हिरासत में लिए गए लोगों में कांगेस सचिव मनोज चौहान, सेवा दल के अध्यक्ष दीप बयान और प्रदेश कांग्रेस महासचिव उदित भानु दास एवं कई अन्य लोग शामिल हैं।

मणिपुर कांग्रेस का प्रदर्शन

मणिपुर कांग्रेस के सदस्यों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग में असंतोष होने का दावा करने वाली एक समाचार पत्र की रिपोर्ट के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने लैंफेल स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के सामने कुमार के पुतले जलाए और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिसकर्मियों ने आंसू गैस के कुछ गोले दागे। उन्होंने कुमार की गिरफ्तारी की भी मांग की और उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों तथा मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जेन-जी को मतदाता सूची से बाहर किए जाने के लिए निशाना बनाया जा रहा है और उसने मांग दोहराई है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए याद दिलाया कि 1988 में राजीव गांधी ने मतदान की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष कर दी थी। कांग्रेस ने कहा कि एक प्रधानमंत्री ने ’जेन-जी’ को मतदान का अधिकार दिया, जबकि दूसरा प्रधानमंत्री "अनुचित तरीकों से उसे छीनने" के लिए प्रतिबद्ध है।

बंगाल में सड़कों पर उतरी कांग्रेस

मतदाता सूची के देशव्यापी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग के भीतर कथित असंतोष संबंधी एक अखबार की खबर के बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आयोग कार्यालय तक रैली निकाली। हालांकि, पुलिस ने इसे बीच रास्ते में रोक दिया। पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में जिलों से आए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मार्च कोलकाता विश्वविद्यालय के कॉलेज स्ट्रीट परिसर के बाहर से शुरू हुआ और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के स्ट्रैंड रोड स्थित कार्यालय की ओर बढ़ा। पुलिस ने मध्य कोलकाता के बी. बी. गांगुली स्ट्रीट चौराहे पर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। सरकार ने कहा कि पार्टी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा, "हम मुख्य निर्वाचन आयुक्त की तत्काल गिरफ्तारी चाहते हैं। यह आम लोगों के अधिकारों का सवाल है।"

मेघालय में जलाया मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को शिलांग में उनका पुतला फूंका। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विंसेंट एच पाला के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से एक जुलूस निकाला, जो एडिशनल सेक्रेटरीएट (अतिरिक्त सचिवालय) के पास जाकर समाप्त हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पाला ने आरोप लगाया कि कुमार ने "सिस्टम में हेरफेर किया" और पिछले 10 महीनों में अन्य दो चुनाव आयुक्तों द्वारा उठाई गई आपत्तियों को नजरअंदाज कर दिया। पाला ने आरोप लगाया, "पिछले 10 महीनों में दो अन्य चुनाव आयुक्तों द्वारा 14 आपत्तियां उठाई गईं, लेकिन उन्होंने भाजपा की मदद से इन सभी को दरकिनार कर दिया।"

लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध और चुनावों के संचालन में जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा था। एएनआई (ANI) से बात करते हुए कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने में विफल रहा है। गौतम ने कहा, "यह सिर्फ एक आरोप नहीं है, अपराध साबित हो चुका है। उन्होंने देश के साथ देशद्रोह किया है। संविधान ने उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी थी। उन्हें जो शक्तियां मिली हैं, वे संविधान द्वारा दी गई हैं, न कि भाजपा द्वारा।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!