Monsoon Session: मॉनसून सत्र के दूसरे हफ्ते के शुरू होने से पहले कांग्रेस पार्टी ने बड़ा फैसला किया है। कांग्रेस पार्टी ने अपने लोकसभा सांसदों को सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है, वो भी लगातार तीन दिनों के लिए। कांग्रेस पार्टी ने इसके लिए तीन लाइन का व्हीप भी जारी किया है।
क्या है तीन लाइन का व्हीप?
भारतीय संसदीय प्रणाली में तीन लाइन का व्हीप सबसे कड़ा निर्देश होता है। इसका अर्थ है कि पार्टी के सभी सांसदों को सदन में उपस्थित रहना अनिवार्य है, और किसी भी महत्वपूर्ण मतदान या चर्चा के समय वे पार्टी लाइन के अनुसार ही मतदान करें। इसका उल्लंघन करने पर सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश तक की जा सकती है।
लगातार तीन दिन की उपस्थिति अनिवार्य
कांग्रेस द्वारा जारी किए गए इस व्हीप के तहत सभी लोकसभा सांसदों को सोमवार से बुधवार (29-31 जुलाई 2025) तक संसद में उपस्थित रहना होगा। सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय संसद में सरकार के संभावित विधायी एजेंडे, विवादित विधेयकों पर बहस और विपक्ष की रणनीतिक एकजुटता के मद्देनज़र लिया गया है। साथ ही सोमवार को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा होनी है, इस व्हिप को उससे भी जोड़ कर देखा जा रहा है।
