पश्चिम एशिया संकट पर राजनीति से बचने और संसद में चर्चा की कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मांग की है। वहीं उन्होंने बढ़ती एलपीजी कीमतों (LPG Price) पर चिंता जताई। प्रियंका ने साफ किया कि इस मुद्दे पर पूरा देश एक साथ खड़ा है, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने सरकार से मौजूदा चुनौतियों पर ठोस समाधान पेश करने की मांग भी की।
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'युद्ध जैसे मुद्दे पर राजनीति करना सही नहीं है। इस मुद्दे पर हम एक देश के तौर पर एकजुट हैं, लेकिन हम देश के सामने मौजूद चुनौतियों का समाधान चाहते हैं, और इसीलिए हम इस पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। आज LPG सिलेंडर इतने महंगे हो गए हैं कि आम लोगों के लिए उन्हें खरीदना मुश्किल हो गया है। इस पर ठीक से चर्चा होनी चाहिए, ताकि हम सब मिलकर इन समस्याओं का समाधान निकाल सकें।'
'महंगाई का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है'
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि रसोई गैस सिलिंडर की कीमतें इतनी बढ़ गई हैं कि आम लोगों के लिए इसे खरीदना मुश्किल हो गया है। उनके अनुसार, महंगाई का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है, जिससे लोगों की जिंदगी पर काफी फर्क पड़ रहा है।
'सभी दल मिलकर विचार-विमर्श करें, तो बेहतर समाधान'
साथ ही प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के सामने खड़ी समस्याओं का हल निकालने के लिए संसद में सार्थक चर्चा बेहद जरूरी है और अगर सभी दल मिलकर विचार-विमर्श करें, तो बेहतर समाधान निकल सकता है।
'पश्चिम एशिया के मामले पर संसद में चर्चा होनी चाहिए'
इससे पहले पिछले हफ्ते कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा में पश्चिम एशिया की स्थिति पर जो वक्तव्य दिया, उसमें कुछ नया नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया के मामले पर संसद में चर्चा होनी चाहिए। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को बताया है कि अभी हालात क्या हैं। इसमें कुछ नया नहीं था। ऐसे में हमने चर्चा के लिए जो नोटिस दिया है, उस पर भी बात होनी चाहिए, ताकि सभी का पक्ष सामने आ सके।
