देश

यौन शोषण पीड़ित छात्रा की मौत पर ओडिशा में सियासी उबाल, विपक्ष ने किया 17 जुलाई को ओडिशा बंद का ऐलान

एक शिक्षक द्वारा छात्रा का यौन उत्पीड़न किए जाने के मामले में न्याय न मिलने पर खुद को आग लगाने वाली छात्रा ने तीन दिन तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सोमवार रात दम तोड़ दिया।

Image

छात्रा की मौत के मामले में कांग्रेस ने किया 17 जुलाई को बंद का ऐलान (PTI)

Odisha Bandh On July 17: ओडिशा के बालासोर में खुद को जलाने वाली कॉलेज छात्रा की मौत के बाद सियासी संग्राम छिड़ गया है। इस घटना के बाद पूरा विपक्ष सरकार पर हमलावर है और न्याय की मांग कर रहा है। कांग्रेस नीत आठ विपक्षी दलों ने कॉलेज छात्रा की मौत के विरोध में 17 जुलाई को ओडिशा बंद का आह्वान किया है। छात्रा ने एक शिक्षक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत पर कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर आत्मदाह कर लिया था। तीन दिन अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उसकी मौत हो गई।

कांग्रेस को 8 दलों का समर्थन

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि बंद को वाम दलों सहित आठ दलों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने दावा किया कि बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) महाविद्यालय में हुई यह घटना दर्शाती है कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा करने में नाकाम रही है। दास ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा, वह (छात्रा) पेट्रोल लेकर आई और सब चुपचाप देखते रहे। किसी ने कोई कदम नहीं उठाया।

प्रिंसिपल और आरोपी विभागाध्यक्ष गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि छात्रा को न्याय दिलाने के लिए बंद का आह्वान किया गया है। एक शिक्षक द्वारा छात्रा का यौन उत्पीड़न किए जाने के मामले में न्याय न मिलने पर खुद को आग लगाने वाली छात्रा ने तीन दिन तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सोमवार रात दम तोड़ दिया। वह बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) महाविद्यालय में एकीकृत बीएड पाठ्यक्रम की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। यौन उत्पीड़न के आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से आहत छात्रा ने शनिवार को यह कदम उठाया और वह 95 प्रतिशत तक झुलस गई थी। इस मामले में फकीर मोहन (स्वायत्त) महाविद्यालय के प्राचार्य दिलीप घोष और शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष समीर कुमार साहू को गिरफ्तार किया जा चुका है। साहू पर छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

छात्रा का अंतिम संस्कार किया गया

कॉलेज छात्रा का अंतिम संस्कार मंगलवार को ओडिशा के बालासोर जिले में उसके पैतृक गांव में किया गया। गांव के श्मशान घाट में भारतीय जनता पार्टी के बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित हजारों लोगों की मौजूदगी में छात्रा के चचेरे भाई ने उसे मुखाग्नि दी। स्थानीय लोगों ने नम आंखों से छात्रा को अंतिम विदाई दी। उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में लोग श्मशान घाट पहुंचे।

रूक नहीं रहे छात्रा के पिता की आंखों से आंसू

छात्रा के पिता की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे थे। उन्होंने कहा, मेरी बेटी ने मुझे लड़ना सिखाया और मैं यह लड़ाई जारी रखूंगा। मुझे न धन की जरूरत है, न किसी मुआवजे की। मुझे मेरी बेटी चाहिए। क्या सरकार मेरी बच्ची को मुझे वापस ला सकती है? जब छात्रा की मां से उनकी मांगों के बारे में पूछा गया तो वे बस इतना ही कह सकीं, कृपया मुझे माफ कर दीजिए। मैं कुछ कहने की हालत में नहीं हूं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article