Election Commission Row: कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे विवाद के बीच चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि INDIA गठबंधन का हर एक नेता इस मुद्दे को लेकर एकमत है कि जो हो रहा है वह गैर-कानूनी है...
मलप्पुरम में समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ''अगर चुनाव आयोग धांधली में भाजपा की मदद और उसे बढ़ावा दे रहा है, तो स्वाभाविक है कि वे इसे जायज ठहराने की कोशिश करेंगे। आपने हर चुनाव से पहले उनके अति-आत्मविश्वास से भरे बयान देखे होंगे, जिसमें वे अपने द्वारा जीती जाते वाली सीटों की सटीक संख्या की भविष्यवाणी करते हैं...।''
उन्होंने कहा कि भारत की जनता उनसे उतना खुश नहीं हैं... तो आप जमीन पर लोगों से जो सुनते हैं वह कुछ और है, और चुनावी परिणाम के तौर पर जो देख रहे हैं वह कुछ और है?
'ज्ञानेश कुमार दें इस्तीफा'
इस दौरान, उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की तत्काल मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा, ''INDIA गठबंधन इस मुद्दे पर पूरी तरह स्पष्ट है। गठबंधन के प्रत्येक नेता और प्रत्येक दल की इस बात पर पूरी सहमति है कि जो कुछ हो रहा है, वह पूरी तरह गैरकानूनी है... जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उनसे जवाब मांगा जाना चाहिए और उन्हें जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: SIR विवादों के बीच CEC ज्ञानेश कुमार संग एक साथ दिखे दोनों चुनाव आयुक्त; पढ़ें बैठक में क्या-क्या फैसले हुए
प्रियंका गांधी ने चुनाव आयुक्त को मिले कानूनी संरक्षण का भी मुद्दा उठाया और कहा कि ये सुरक्षा प्रावधान मौजूदा सरकार द्वारा लागू किए गए हैं और वे चुनाव आयुक्त को उनके किसी भी काम के लिए संरक्षण देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति देश के खिलाफ गैरकानूनी काम कर रहा है, तो ऐसे सुरक्षा प्रावधानों को हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गैरकानूनी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
BJP पर बरसीं प्रियंका गांधी
वायनाड सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह (भाजपा) चुनाव आयुक्त का बचाव कर रही है, लेकिन इससे भी जरूरी बात यह है कि वह अपने नेतृत्व को बचा रही है। उन्होंने कहा, ''नेतृत्व के पूरे सपोर्ट के बिना चुनाव आयुक्त का इतने गंभीर गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होना नामुमकिन है... अगर कोई चुनाव आयुक्त लोकतंत्र के खिलाफ इतना गंभीर अपराध कर रहा है, तो यह व्यावहारिक रूप से असंभव है कि वह नेतृत्व के पूरे सपोर्ट के बिना ऐसा कर रहा हो।''
