Navbharat Navnirman Manch 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में 'INDI' अलायंस की सरकार बनेगी और चुनाव के बाद प्रधानमंत्री का चेहरा तय होगा। यह बात उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने टाइम्स नाउ नवभारत के कार्यक्रम नवभारत नवनिर्माण मंच पर कही। चैनल के कंसल्टिंग एडिटर दिनेश गौतम के साथ खास बातचीत में कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा', यूपी में पेपर लगी, सपा के साथ गठबंधन सहित अन्य मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। राय ने कहा कि भ्रष्टाचार, महंगाई के खिलाफ आज केवल राहुल गांधी सड़क पर हैं।
गठबंधन के उबड़-खाबड़ रास्ते को ठीक कर लेंगे-अजय राय
इस सवाल पर यूपी में गठबंधन का रास्ता कैसा चल रहा है, इस पर कांग्रेस नेता ने कहा कि रास्ता ठीक चल रहा है। कहीं उबड़-खाबड़ होगा तो हम उसे समतल और सुगम कर लेंगे। राय ने कहा कि भाजपा के साथ हमारी लड़ाई केवल दिखावे वाली नहीं है। हम मजबूती के साथ लड़ रहे हैं। हमारा मानना है कि जब आप लड़ेंगे तभी लड़ेंगे। इस बार क्या वाराणसी में वह पीएम मोदी के खिलाफ चेहरा होंगे। इस सवाल पर राय ने कहा कि पार्टी का जो भी निर्देश होगा, वह उसका पालन करेंगे।
'मै अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करता'
राय ने कहा कि उनकी राजनीतिक एवं व्यक्तिगत निर्णय अलग-अलग होते हैं। अपने भाई अवधेश राय मर्डर केस का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने इस मामले में कोई समझौता नहीं किया। अपने स्वाभिमान और समझौते से कभी वह समझौता नहीं करते। वह अपने सिद्धांतों के साथ दमदारी के साथ खड़ा रहते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, 'मैं पीछे हटने वालों में से नहीं हूं।'
आज अकेले राहुल गांधी सड़क पर-राय
राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान अर्जुन-कृष्ण पोस्टर पर राय ने कहा कि उन्होंने धनुष उठाया है और उसकी टंकार चल रही है। राहुल हमारे नेता हैं। हमें लड़ने वाला व्यक्ति पंसद है। सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आज अकेला आदमी लड़ रहा है। वह व्यक्ति राहुल गांधी है। लड़ने वाले व्यक्ति के साथ वह खड़ा रहते हैं।
'यूपी में पेपर लीक से छात्रों का भविष्य अधर में'
यूपी में पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द होने पर कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा कि राम राज्य में परीक्षा पेपर लीक हो जाता है। राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाया और राज्य सरकार को बैकफुट पर आते हुए परीक्षा रद्द करनी पड़ी। अगर मेरी सरकार में पेपर लीक होता है तो यह मेरी जिम्मेदारी है। मैं कार्रवाई करूंगा। पुलिस भर्ती परीक्षा में 48 लाख बच्चों ने एग्जाम दिया था, 400 रुपए फीस थी। कई सौ रुपए का घोटाला हो गया। मैं कहता हूं कि यह परीक्षा लोकसभा चुनाव से पहले कराइए। लेखपाल परीक्षा पास करने वालों नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया। इन्हें लाठी से मारा गया।
चिरकुट वाले कटाक्ष पर दी प्रतिक्रिया
सपा के चिरकुट नेता वाले कटाक्ष पर अजय राय ने कहा कि उनके ऊपर कोई भी कटाक्ष कर सकता है। वह जमीन से जुड़े हुए आदमी हैं। उन्हें कटाक्ष से कोई फर्क नहीं पड़ता। आरएसएस से अपने शुरुआती जुड़ाव पर कांग्रेस नेता ने कहा कि अब न वह आरएसएस है और न ही पुरानी भाजपा है। आज आरएसएस प्रमुख भाजपा के पीछे घूमते हैं। पहले भाजपा संघ के पीछे खड़े होती थी लेकिन अब स्थितियां बदल गई हैं।
