देश

'नैतिक अधिकार खो चुके हैं ज्ञानेश कुमार', खरगे को जारी हुआ नोटिस तो भड़की कांग्रेस, बोली- CEC दें इस्तीफा

Kharge's Terrorist Remark: निर्वाचन आयोग द्वारा मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस जारी किए जाने के बाद कांग्रेस भड़क गई और कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से इस्तीफा देना चाहिए।

Image

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार (फाइल फोटो)

Kharge's Terrorist Remark: कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ''आतंकवादी'' कहने के मामले में निर्वाचन आयोग द्वारा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस जारी किए जाने के बाद बुधवार को कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि वह पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार पूरी तरह खो चुके हैं।

CEC पर बरसे जयराम रमेश

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि आयोग गृह मंत्रालय के अधीन एक कार्यालय के रूप में काम कर रहा है और इतिहास ज्ञानेश कुमार को एक ''कायर'' के तौर पर याद करेगा। रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''अब निर्वाचन आयोग को झूठ बोलते हुए और खुलेआम धोखाधड़ी करते हुए पकड़ा गया है। इसके लिए शर्मनाक एक हल्का शब्द होगा।''

उन्होंने कहा, ''सीईसी को इस्तीफा दे देना चाहिए। वह पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार पूरी तरह खो चुके हैं। इतिहास उन्हें एक ऐसे कायर के रूप में याद करेगा जिन्होंने लगातार अपने मालिक की राजनीतिक उपयोगिता की बलिवेदी पर भारतीय लोकतंत्र का बलिदान देना चुना।''

'PM मोदी के इशारों पर नाच रहा EC'

इससे पहले, उन्होंने एक अन्य पोस्ट में आरोप लगाया, ''यह बात कुछ समय से साफ़ है कि निर्वाचन आयोग प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इशारों पर नाच रहा है। लाखों वोट चोरी की साजिश रचने के बाद आज उसने फिर से यह सबूत दिया है कि वह गृह मंत्रालय के अधीन एक कार्यालय बनकर काम कर रहा है।'' कांग्रेस नेता ने कहा कि आयोग एक संवैधानिक संस्था है, लेकिन ''उसका व्यवहार संविधान पर हमला है और एक शर्मनाक स्थिति है, जिसके लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त सबसे अधिक जिम्मेदार हैं।''

24 घंटे के भीतर जवाब दें खरगे

निर्वाचन आयोग ने मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ’’आतंकवादी’’ कहे जाने का बुधवार को "गंभीरता से" संज्ञान लिया और उन्हें नोटिस" जारी किया। आयोग के अधिकारियों ने बताया कि खरगे से 24 घंटे के भीतर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें