देश

सड़क से संसद तक आर-पार, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन, 3 महीने तक चलेगा अभियान

Congress Nationwide Protest 2026: कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, सीबीएसई-नीट विवाद और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कथित हमलों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है।

Image

देशभर में आंदोलन छेड़ेगी कांग्रेस (फोटो: X/@INCIndia)

Congress Nationwide Protest 2026: कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी अगले दो से तीन महीनों तक महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, सीबीएसई-नीट विवाद और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कथित हमलों जैसे मुद्दों को लेकर देशभर में अभियान चलाएगी। आज इंदिरा भवन में कांग्रेस के अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारियों और महासचिवों की बैठक में इस रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi attack PM Modi) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं और छात्रों का भविष्य संकट में डाल दिया है, जबकि किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।

वैश्विक परिस्थितियां नहीं, केंद्र की नीतियां जिम्मेदार-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि देश जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उसके लिए वैश्विक परिस्थितियां नहीं बल्कि केंद्र सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता का अत्यधिक केंद्रीकरण व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहा है और सीबीएसई-नीट जैसे विवाद इसी का परिणाम हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी नेताओं से संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

गांव से लेकर राज्य स्तर तक उठाएंगे मुद्दे-वेणुगोपाल

बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी गांव, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर से लेकर संसद तक जनता के मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम लोगों की समस्याओं से दूर हो चुकी है। वेणुगोपाल ने मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले “वोट चोरी” और अब “सीट चोरी” की राजनीति कर रही है ताकि संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल किया जा सके।

TMC का कांग्रेस में नहीं होगा विलय-जयराम

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने दावा किया कि भाजपा का दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का सपना पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मीडिया के जरिए इस तरह की खबरें फैलाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के संभावित विलय को लेकर उठे सवालों को भी पार्टी नेताओं ने खारिज कर दिया। जयराम रमेश ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस और टीएमसी के बीच किसी तरह के विलय या पुनर्गठन पर कोई चर्चा नहीं हुई है।

Ranjeeta Jha
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article