देश

राज ठाकरे के बयान पर भड़की कांग्रेस और आप, MNS प्रमुख पर केस दर्ज करने की मांग

पिछले कुछ हफ्तों से मनसे कार्यकर्ता आक्रामक तरीके से मांग कर रहे हैं कि महाराष्ट्र में रहने वाले लोग मराठी सीखें। उन्होंने मराठी में जवाब न देने पर कुछ दुकानदारों पर कथित तौर पर हमला भी किया।

Image

कांग्रेस-आप के निशाने पर राज ठाकरे (ANI)

Congress, AAP Slam Raj Thackeray: गुजरात में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) और पाटीदार नेताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के बारे में टिप्पणियों को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे पर रविवार को निशाना साधा। उन्होंने ठाकरे के गुजरात में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की।

सरदार पटेल और मोरारजी देसाई को लेकर दिया था बयान

शुक्रवार को ठाणे जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने कहा था कि जब गुजरात में बिहार के प्रवासियों को पीटा गया और भगा दिया गया, तो यह कोई मुद्दा नहीं बना, लेकिन महाराष्ट्र में एक छोटी सी घटना राष्ट्रीय मुद्दा बन गई। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद मोरारजी देसाई और सरदार पटेल के कथित मराठी विरोधी रुख का भी जिक्र किया था।

पिछले कुछ हफ्तों से मनसे कार्यकर्ता आक्रामक तरीके से मांग कर रहे हैं कि महाराष्ट्र में रहने वाले लोग मराठी सीखें। उन्होंने मराठी में जवाब न देने पर कुछ दुकानदारों पर कथित तौर पर हमला भी किया। गुजरात कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा, गुजरात की धरती पर राजनीति करोगे तो जवाब मिलेगा। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने कहा कि गुजराती ठाकरे की टिप्पणी को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा, आपकी राजनीति काम नहीं कर रही है, इसलिए आप न केवल गुजराती लोगों का बल्कि पूरे देश के नेता सरदार पटेल का अपमान कर रहे हैं। आप नेता ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल से ठाकरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की अपील की। पाटीदार नेता मनोज पनारा ने मोरबी शहर में पुलिस को एक अर्जी सौंपकर ठाकरे के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करने और उनके गुजरात प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article