देश

कांग्रेस और बीआरएस कर रहे मुसलमानों का तुष्टिकरण; जुबली हिल्स उपचुनाव में बीजेपी को वोट दें हिंदू, बी. संजय कुमार की अपील

कुमार ने कहा, तेलंगाना में कांग्रेस का नाम बदल गया है। यह (उपचुनाव) एकतरफा मुकाबला होना चाहिए और यहां हिंदुओं की जीत होनी चाहिए। क्या जुबली हिल्स के हिंदुओं को गिड़गिड़ाकर जीना चाहिए या गर्व से कहना चाहिए, 'मैं हिंदू हूं'?

Image

बीजेपी नेता बी संजय कुमार (PTI)

केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने शनिवार को सत्तारूढ़ कांग्रेस और बीआरएस पर मुस्लिम तुष्टिकरण में लिप्त होने का आरोप लगाया और हिंदुओं से भाजपा को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो हिंदू धर्म की रक्षा करती है। 11 नवंबर को होने वाले जुबली हिल्स उपचुनाव के लिए प्रचार करते हुए संजय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में तेलंगाना में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) भारतीय मुस्लिम कांग्रेस (आईएमसी) बन गई है। उन्होंने हिंदुओं से एकल वोट बैंक बनाने की अपील की।

कहा-जुबली हिल्स में हिंदुओं की जीत होनी चाहिए

कुमार ने कहा, तेलंगाना में कांग्रेस का नाम बदल गया है। यह (उपचुनाव) एकतरफा मुकाबला होना चाहिए और यहां हिंदुओं की जीत होनी चाहिए। क्या जुबली हिल्स के हिंदुओं को गिड़गिड़ाकर जीना चाहिए या गर्व से कहना चाहिए, 'मैं हिंदू हूं'? मैं उकसा नहीं रहा हूं...मैं सच बोल रहा हूं क्योंकि मुख्यमंत्री खुद कह चुके हैं कि मुकाबला हिंदुओं और मुसलमानों के बीच है। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को भाजपा को वोट देना चाहिए क्योंकि यही एकमात्र पार्टी है जो हिंदू धर्म की रक्षा के लिए काम कर रही है और यहां 'हिंदू राज्यम' की स्थापना होनी चाहिए।

क्या ओवैसी को मंदिर जाने पर राज कर सकते हैं सीएम रेड्डी?

चुनाव प्रचार के दौरान टोपी पहनने के लिए सीएम रेड्डी की आलोचना करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने पूछा कि क्या वह ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेताओं हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी और उनके भाई, चंद्रयानगुट्टा से विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी को मंदिर में प्रार्थना करने के लिए राजी कर सकते हैं। कुमार ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ कांग्रेस और बीआरएस, अपने चुनाव प्रचार के दौरान हिंदुओं की चिंताओं का ध्यान रखे बिना मुसलमानों के लिए कब्रिस्तान बनाने का वादा कर रहे थे।

क्या आप घरों के बीच कब्रिस्तान होने पर रह सकते हैं?

उन्होंने कहा, क्या आप घरों के बीच कब्रिस्तान होने पर रह सकते हैं? केटीआर (बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामाराव) कहते हैं कि वह अपने पैसों से मुसलमानों के लिए कब्रिस्तान बनवाएंगे। रेवंत रेड्डी कहते हैं कि वह शेखपेट के सभी पार्कों को कब्रिस्तान में बदल देंगे। आपको मंदिर चाहिए या कब्रिस्तान? बीआरएस और कांग्रेस ने कथित तौर पर जुबली हिल्स में एक मुस्लिम कब्रिस्तान बनाने में मदद का वादा किया है।

रेड्डी की हालिया टिप्पणी "कांग्रेस का मतलब मुसलमान और मुसलमान का मतलब कांग्रेस" का हवाला देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का मतलब वास्तव में एआईएमआईएम की जीत होगी। उपचुनाव में एआईएमआईएम द्वारा कांग्रेस को समर्थन दिए जाने पर कुमार ने कहा कि अगर कांग्रेस चुनाव जीत जाती है, तो हम जुबली हिल्स की सड़कों पर तिलक और चूड़ियां पहनकर नहीं चल पाएंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article