प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि पार्टी देश की सेना का समर्थन करने के बजाय पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवादियों का समर्थन कर रही है। असम के दरंग जिले के मंगलदोई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर घुसपैठियों और राष्ट्र-विरोधी ताकतों को संरक्षित करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा घुसपैठियों को ज़मीन हड़पने और जनसांख्यिकी बदलने की उनकी साजिश को नाकाम कर देगी।
मोदी बोले, कांग्रेस ने सेना के समर्थन की बजाय आतंकियों का समर्थन किया
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस भारतीय सेना का समर्थन करने के बजाय पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवादियों का समर्थन करती है। 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान, कांग्रेस पाकिस्तान में आतंकवादी ढांचे को नष्ट करने वाले हमारे सशस्त्र बलों का समर्थन करने के बजाय, घुसपैठियों और राष्ट्र-विरोधी ताकतों को संरक्षण देने में लगी हुई थी। पीएम मोदी ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' मां कामाख्या के आशीर्वाद से सफल हुआ और इस पवित्र भूमि पर उपस्थित होकर उन्हें गौरवान्वित महसूस हो रहा है। पीएम ने कहा कि 1962 में चीनी आक्रमण के दौरान जवाहरलाल नेहरू द्वारा असम के लोगों को दिए गए घाव अभी तक भरे नहीं हैं।
घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए सीएम हिमंता की तारीफ
उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की अतिक्रमित भूमि से घुसपैठियों को बाहर निकालने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रशंसा की कि किसान अब इन भूखंडों पर खेती कर सकें। उन्होंने कहा, भाजपा घुसपैठियों को जमीन हड़पने, महिलाओं और लड़कियों का अपमान करने और जनसांख्यिकी बदलने की साजिश नहीं करने देगी, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें कांग्रेस द्वारा भारत रत्न से सम्मानित भूपेन हजारिका के अपमान पर दुख हुआ है। भाजपा की डबल इंजन सरकार भारत रत्न भूपेन हजारिका जैसे असम के महान सपूतों के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बीजपी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में छह पुल बनाए
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक असम पर शासन किया, लेकिन ब्रह्मपुत्र नदी पर सिर्फ तीन पुल बनाए, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले 10 वर्षों में छह ऐसे पुल बनाए। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में उभर रहा है, और कहा कि असम की विकास दर 13 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री ने कहा, यह डबल इंजन वाली सरकार के प्रयासों से हासिल हुआ है। केंद्र और राज्य सरकार असम को एक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित कर रही हैं। 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने में पूर्वोत्तर की बड़ी भूमिका है।
सरकार पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी पर ध्यान केंद्रित कर रही
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिससे व्यवसायों को मदद मिली है और युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर पैदा हुए हैं। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि डबल इंजन वाली सरकार असम की संस्कृति की रक्षा और राज्य में विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनसभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने लोगों से अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए स्वदेशी सामान खरीदने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान, मोदी ने मंगलदोई में 6,300 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
उन्होंने एक नर्सिंग कॉलेज और एक जीएनएम स्कूल के साथ-साथ दरंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण का शुभारंभ किया। अधिकारियों ने बताया कि इन स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं में कुल निवेश 570 करोड़ रुपये है। प्रधानमंत्री ने 1,200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले 2.9 किलोमीटर लंबे नारेंगी-कुरुवा पुल और असम के कामरूप और दरांग जिलों तथा मेघालय के री भोई को जोड़ने वाली 118.5 किलोमीटर लंबी गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना की भी आधारशिला रखी। रिंग रोड परियोजना की अनुमानित लागत 4,530 करोड़ रुपये है।
