Commercial LPG Price Hike: 1 मई से देशभर में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बड़ी बढ़ोतरी ने आम लोगों से लेकर छोटे कारोबारियों तक की चिंता बढ़ा दी है। सरकार ने कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 993 रुपये की एकमुश्त वृद्धि की घोषणा की है, जिसे हाल के समय की सबसे बड़ी बढ़ोतरी माना जा रहा है। इस फैसले के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है और विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस से लेकर समाजवादी पार्टी सभी ने सरकार पर हमला बोला है।
राहुल गांधी ने इसे बताया 'चुनावी बिल'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि चुनाव के बाद महंगाई बढ़ेगी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह बढ़ोतरी आम जनता पर सीधा बोझ डालने वाली है और इसका असर हर घर तक पहुंचेगा। राहुल गांधी के अनुसार, फरवरी से अब तक कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कुल 1,380 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है, जो सिर्फ तीन महीनों में करीब 81 प्रतिशत का इजाफा है। उन्होंने इसे 'चुनावी बिल' बताते हुए कहा कि इसका भार अब जनता को उठाना पड़ रहा है।
पहला वार गैस पर, अगला वार पेट्रोल-डीजल पर-राहुल गांधी
इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर छोटे व्यवसायों जैसे चाय की दुकानों, ढाबों, होटलों, बेकरी और हलवाईयों पर पड़ेगा। इन कारोबारों की लागत बढ़ने से खाने-पीने की चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। यानी महंगाई का असर अब केवल ईंधन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आपकी थाली तक पहुंचेगा। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि पहला वार गैस पर, अगला वार पेट्रोल-डीजल पर।
विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को लेकर सरकार की आलोचना की है और कहा है कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी परेशान हो चुका है। उनका कहना है कि सरकार को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए और राहत के उपाय करने चाहिए। कुल मिलाकर, कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में यह अचानक बढ़ोतरी एक बड़ा आर्थिक मुद्दा बन गई है, जिसका असर आने वाले समय में और भी ज्यादा देखने को मिल सकता है।
