CM Yogi In Singapore: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 फरवरी तक सिंगापुर की यात्रा पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सिंगापुर यात्रा के पहले दिन यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने राज्य में कुल 6,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए तीन महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर साइन किए हैं। वहीं, सीएम योगी ने प्रवासी भारतीयों के साथ बातचीत भी की। बातचीत के दौरान उन्होंने देश और उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव और विकास की बात की।
यूपी में बन रहा देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश के अंदर ना कर्फ्यू है, ना खतरा है। अब यूपी में सब बदल चुका है। उन्होंने आगे कहा कि भारत में सबसे अधिक हवाई अड्डे उत्तर प्रदेश में हैं। प्रधानमंत्री मोदी अगले महीने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, जेवर का उद्घाटन करेंगे। यह भारत का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनने जा रहा है। यह न सिर्फ पैसेंजर के लिए बल्कि कार्गो के लिए बहुत बड़ा सेंटर बनने जा रहा है।
महाकुंभ को लेकर क्या बोले सीएम योगी?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "जो लोग भारत में भेदभाव और विभाजन का आरोप लगाते हैं, उन्हें प्रयागराज में सद्भाव के दर्शन अवश्य करने चाहिए। जब महाकुंभ के दौरान 66 करोड़ श्रद्धालु एक साथ संगम में स्नान करते हैं, तो वहां कोई बड़ा या छोटा नहीं होता। गंगा में उनकी आस्था की डुबकी के माध्यम से, एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपना साकार होता दिख रहा है।"
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने सीएम योगी का सिंगापुर में स्वागत किया उन्होंने फेसबुक पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सिंगापुर में स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। उत्तर प्रदेश भारत की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य है और भारत के सबसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में से एक है। सिंगापुर की कंपनियां उत्तर प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से रसद, कनेक्टिविटी और अवसंरचना विकास में निवेश कर रही हैं, और यहां व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं। हमने सिंगापुर और उत्तर प्रदेश के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और व्यापारिक साझेदारियों को बढ़ावा देने के अवसरों पर सार्थक चर्चा की। मुख्यमंत्री को सिंगापुर की सफल यात्रा की शुभकामनाएं।"
