CM Mamata Banerjee on Budget: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में बंगाल के लिए कुछ भी नहीं था। उन्होंने रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के भाषण के तुरंत बाद दिल्ली जाने से पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। तृणमूल कांग्रेस चीफ ने बजट को 'महिला विरोधी, किसान विरोधी, शिक्षा विरोधी' बताया, साथ ही इसे 'दिशाहीन' और 'विजनलेस' भी कहा, जिसमें कहा कि इसमें 'आम आदमी के लिए कुछ नहीं है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में सरकार को जल्द होने वाले विधानसभा चुनावों में केंद्र की सत्ताधारी BJP से चुनौती मिल रही है। ऐसे में उन्होंने भाजपा पर भी हमला बोला और कहा कि वह चुनावों में हार रहे हैं।
ममता ने कहा, 'यह बजट एंटी वुमन, एंटी एससी, एंटी एसटी, विजन लेस हैं। एजुकेशन, फर्टिलाइजर सब्सिडी पर कुछ नहीं। इकॉनमी डिरेल हो चुकी हैं। सेंसेक्स गिर चुका है।' उन्होंने कहा कि बंगाल के लिए कुछ नहीं दिया गया, फ्रेट कॉरिडोर जिसका जिक्र किया गया है, वह मैंने ही सैंक्शन किया था। तीन कॉरिडोर के बारे में जो कहा है वह झूठ है।
'यह एक humpty dumpty बजट...'
उन्होंने कहा, 'बंगाल अब स्टील हब, IT हब है। बस एक GST टैक्स है जिसके नाम पर हमारा पैसा ले जा रहे हैं। हमको जो 2 लाख करोड़ पैसे मिलने चाहिए थे, वह नहीं मिले। वह लोग देश के इकोनॉमिक स्ट्रक्चर खत्म करना चाहते हैं। फेडरल संरचना को खत्म करना चाहते हैं। आदिवासी के लिए कुछ नहीं दिया गया बजट में। सामाजिक सुरक्षा के बारे में कुछ नहीं बोला।' 'यह एक humpty dumpty बजट हैं। वह जानते हैं बंगाल में हार रहे हैं, इसलिए SIR कर रहे हैं। हमसे राजनैतिक तरीके से लड़ें, दम हो तो हमसे लड़कर दिखाएं। इंडिया अलायन्स जीतेगा केरल, तमिलनाडु और बंगाल में असम में ये हारेंगे। कल मैं चुनाव अधिकारी ज्ञानेश कुमार से मिलूंगी। मैं दिल्ली में अपने सांसदों से मिलूंगी।'
शशि थरूर क्या बोले?
दिल्ली में राष्ट्रीय विपक्ष के खेमे से, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि उनके राज्य केरल, जहां भी चुनाव होने वाले हैं, उसे कुछ नहीं मिला। थरूर ने कहा, 'हम अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान का इंतजार कर रहे थे। हम इसे केरल में चाहते थे... लेकिन हमने केरल का नाम नहीं सुना।' उन्होंने आगे कहा, 'हमने मछुआरों और नारियल के नाम सुने - जो केरल हो सकता है - लेकिन जब उन्होंने जहाज की मरम्मत की बात की, तो उन्होंने वाराणसी और पटना का नाम लिया, केरल का नहीं। यह थोड़ा हैरान करने वाला है।'
