देश

ट्रोलिंग के बाद पुणे BJP उम्मीदवार पूजा मोरे को नाम लेना पड़ा वापस, आंखों से निकले आंसू, पुराना वीडियो पड़ा भारी

पूजा मोरे की उम्मीदवारी तब विवाद में आ गई जब मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी पत्नी के खिलाफ की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों वाले उनके पुराने वीडियो सामने आए।

Image

पूजा मोरे ने लिया नाम वापस (ANI)

Pune Civic polls: भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बाद पुणे महानगरपालिका चुनाव में पूजा मोरे-जाधव की उम्मीदवारी वापस ले ली है। पूजा मोरे-जाधव को 15 जनवरी को होने वाले चुनाव के लिए सहयोगी दल आरपीआई (रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया) के कोटे के तहत वार्ड नंबर दो से उम्मीदवार के रूप में भाजपा की ओर से एबी फॉर्म (नामांकन दाखिल करने के लिए आवश्यक एक महत्वपूर्ण दस्तावेज) दिया गया था।

देवेंद्र फडणवीस और उनकी पत्नी के खिलाफ की थी टिप्पणियां

उनकी उम्मीदवारी तब विवाद में आ गई जब मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी पत्नी के खिलाफ की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों वाले उनके पुराने वीडियो सामने आए। केंद्रीय मंत्री और पुणे से भाजपा सांसद मुरलीधर मोहोल ने पुष्टि की कि उनका नामांकन वापस ले लिया गया है। वहीं मोरे-जाधव ने खुद को सोशल मीडिया ‘ट्रोलिंग’ का शिकार बताया।

विवादों पर प्रतिक्रिया देते हुए पूजा मोरे ने कहा कि उनकी पिछली एक छोटी सी गलती को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया और उसे उनके खिलाफ साजिश में बदल दिया गया। पहलगाम हमले पर अपनी प्रतिक्रिया स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा, बाद में जब मैं पीड़ितों और स्थानीय लोगों से मिली, तो मुझे एहसास हुआ कि हमले में लोगों को धर्म के आधार पर निशाना बनाया गया था।

राहुल गांधी के साथ तस्वीर को लेकर आलोचना

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ एक तस्वीर को लेकर हो रही आलोचना का भी जवाब दिया और कहा कि यह तस्वीर तब ली गई थी जब वह भारत जोड़ो यात्रा के दौरान किसानों के मुद्दों से संबंधित ज्ञापन सौंपने के लिए उनसे मिली थीं। पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए, पूजा मोरे ने कहा कि वह भाजपा कार्यकर्ता बनी रहेंगी। उन्होंने कहा, मैं एक जुझारू महिला हूं। मैं भाजपा के लिए काम करती रहूंगी और हिंदुत्व के प्रति प्रतिबद्ध रहूंगी।

उन्होंने कहा, मेरे बारे में गलत जानकारी फैलाई गई और यह दिखाने की कोशिश की गई कि मैं भाजपा की विचारधारा में विश्वास नहीं रखती। सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग को देखते हुए मैंने अपना नामांकन वापस लेने का निर्णय लिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि ये टिप्पणियां किसी और लड़की ने की थीं, लेकिन उनका नाम इससे जोड़ दिया गया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article