देश

G-20 से पहले चीन की 'चालबाजी', अरुणाचल को बताया अपना हिस्सा, पूर्व आर्मी चीफ बोले-हम भी छोड़ें 'वन चाइना पॉलिसी'

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Aug 29, 2023, 01:42 PM IST

China New Map : पूर्व सेना प्रमुख वेद प्रकाश मलिक ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के भूभाग पर दावा करने वाला चीन का यह नया आधिकारिक नक्शा इस बात का संकेत है कि बीजिंग सीमा विवाद को हल निकालने के लिए इच्छुक नहीं है। पूर्व सेना प्रमुख ने पूछा कि क्या भारत को भी तिब्बत का पूराना दर्जा बहाल करते हुए उसकी 'वन चाइना पॉलिसी' का परित्याग नहीं कर देना चाहिए?

Image

चीन ने अरुणाचल प्रदेश को अपना हिस्सा बताया।

Photo : ANI

China New Map : चीन की फितरत में गुस्ताखी, चालबाजी और प्रोपगैंडा करना है। लद्दाख में जारी गतिरोध के बीच उसने सीमा विवाद को नए सिरे से हवा देने की कोशिश की है। साल 2023 के लिए उसने अपने देश का 'आधिकारिक नक्शा' जारी किया है और इस नए मैप में अरुणाचल प्रदेश और अक्साइ चिन को शामिल करते हुए उन्हें अपना हिस्सा बताया है। चीन की तरफ से यह नया नक्शा 28 अगस्त को जारी किया गया। अरुणाचल प्रदेश को चीन दक्षिण तिब्बत का हिस्सा बताया है।

जी-20 सम्मेलन से पहले सीमा विवाद

खास बात यह है कि चीन की तरफ से यह गुस्ताखी ऐसे समय की गई है जब दिल्ली में नौ और 10 सितंबर को जी-20 सम्मेलन होने वाला है। इस बैठक में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी आने वाले हैं। चीन के इस प्रोपगैंडा पर भारत में भी कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लिया और शी जिनपिंग को बधाई दी थी। उसके बाद चीन का ये नक्शा आता है। अगर केंद्र सरकार में हिम्मत है तो वह चीन पर सर्जिकल स्ट्राइक करे।

भारत भी छोड़े 'वन चाइना पॉलिसी' का समर्थन

पूर्व सेना प्रमुख वेद प्रकाश मलिक ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के भूभाग पर दावा करने वाला चीन का यह नया आधिकारिक नक्शा इस बात का संकेत है कि बीजिंग सीमा विवाद को हल निकालने के लिए इच्छुक नहीं है। पूर्व सेना प्रमुख ने पूछा कि क्या भारत को भी तिब्बत का पूराना दर्जा बहाल करते हुए उसकी 'वन चाइना पॉलिसी' का परित्याग नहीं कर देना चाहिए?

ग्लोबल टाइम्स पर जारी किया नया नक्शा

चीन के सरकारी समाचारपत्र ग्लोबल टाइम्स ने एक्स (पूर्व में टि्वटर) पर लिखा, ‘चीन के मानक मानचित्र का 2023 संस्करण आधिकारिक तौर पर सोमवार को जारी किया गया और प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय के स्वामित्व वाली मानक मानचित्र सेवा की वेबसाइट पर इसे जारी किया गया। यह मानचित्र चीन और दुनिया के विभिन्न देशों की राष्ट्रीय सीमाओं की रेखांकन विधि के आधार पर संकलित किया गया है।’ भारत ने बार-बार कहा है कि अरुणाचल प्रदेश उसका अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article