देश

चीता 'गामिनी' ने दिया तीन शावकों को जन्म, अब कितनी हुई भारत में चीतों की संख्या? जान लें पूरी डिटेल

India Cheetah Numbers: भारत में चीतों का नौवां सफल प्रसव है और इसके साथ ही देश में जन्मे जीवित शावकों की संख्या 27 हो गई है। भारत में चीतों की कुल संख्या 38 हो गई है।

Image

चीता 'गामिनी' ने दिया तीन शावकों को जन्म

Total Cheetahs in India: दक्षिण अफ्रीका से भारत लायी गई मादा चीता 'गामिनी' ने मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में तीन शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 38 हो गई है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को यह जानकारी दी। यादव ने सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट में कहा कि चीतों को भारत में फिर से बसाने के सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम की दिशा में यह एक बड़ी सफलता है।

गमिनी को दक्षिण अफ्रीका से भारत लाया गया था। उसे सितंबर 2022 में शुरू की गई उस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत भारत लाया गया था, जिसका उद्देश्य चीतों को भारत में फिर से बसाना था, जो दशकों पहले यहां विलुप्त हो चुके थे।

यादव ने X पर पोस्ट किया, 'कुनो में तीन शावकों का स्वागत। चीतों को दक्षिण अफ्रीका से भारत लाये जाने के तीन साल होने के साथ ही कुनो नेशनल पार्क में जश्न की गूंज है। दक्षिण अफ्रीकी चीता गामिनी दूसरी बार मां बनी है। उसने तीन शावकों को जन्म दिया है।'

भारत में चीतों का नौवां सफल प्रसव

यादव ने कहा कि यह भारत में चीतों का नौवां सफल प्रसव है और इसके साथ ही देश में जन्मे जीवित शावकों की संख्या 27 हो गई है। उन्होंने कहा कि इन शावकों के जन्म के साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या 38 हो गई है। उन्होंने कहा कि यह देश के संरक्षण प्रयासों की ऐतिहासिक सफलता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक चीते का जन्म 'प्रोजेक्ट चीता' को और मजबूत करता है और क्षेत्रीय कर्मचारियों और पशु चिकित्सकीय दलों के जुनून, धैर्य और चौबीसों घंटे समर्पण को दर्शाता है। मंत्री ने कहा, 'कुनो और भारत के लिए गर्व का पल है।'

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने X पर पोस्ट किया, 'चीतों के पुनर्स्थापन का सशक्त केंद्र मध्यप्रदेश…। अत्यंत हर्ष का विषय है कि प्रोजेक्ट चीता के अंतर्गत दक्षिण अफ्रीका से लायी गई मादा चीता 'गामिनी' ने 3 शावकों को जन्म दिया है। श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में आए चीतों के तीन वर्ष पूर्ण होने के साथ यह 9वां सफल प्रसव है। भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर अब 38 हो गई है। यह पूरे देश के लिए वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है।' बता दें कि इससे पहले नामीबिया से भारत लायी गई चीता आशा ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में इस महीने की शुरुआत में, पांच शावकों को जन्म दिया था।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article