देश

नितिन नबीन की ताजपोशी से पहले BJP मुख्यालय में जश्न, PM मोदी की मौजूदगी में आज संभालेंगे अध्यक्ष पद का कार्यभार

मंगलवार सुबह से ही दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता जुटे और ढोल-नगाड़ों के साथ नए अध्यक्ष का स्वागत करने की तैयारी में जुट गए। रिपोर्टों के मुताबिक नितिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे।

Image

भाजपा के नए अध्यक्ष चुने गए हैं नितिन नबीन।

Photo : PTI

Nitin Nabin: दुनिया की सबसे पुरानी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर मंगलवार को नितिन नबीन की ताजपोशी होगी। अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर भाजपा में उत्साह का माहौल है। मंगलवार सुबह से ही दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता जुटने शुरू हो गए और ढोल-नगाड़ों और नृत्य के साथ अपनी खुशी का इजहार किया। रिपोर्टों के मुताबिक नितिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। नितिन मंगलवार सुबह झंडेवालान स्थित हनुमान मंदिर गए और पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। झंडेवालान मंदिर के बाद वह दिल्ली में स्थित गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब गए और वहां मत्था टेका।

26 साल की उम्र में बने विधायक

भाजपा की युवा इकाई में शामिल होने के बाद 26 साल की उम्र में विधायक और 45 साल की उम्र में भाजपा अध्यक्ष बनने तक का नितिन नवीन का राजनीतिक सफर किसी कहानी की तरह रहा है। उनकी पदोन्नति भाजपा में एक पीढ़ीगत बदलाव का प्रतीक है क्योंकि पार्टी राष्ट्रीय राजनीति पर अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है। यह पहली बार है कि बिहार से कोई नेता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है। आम तौर पर चर्चा से दूर रहने वाले नवीन बिहार से पांच बार विधायक रह चुके हैं और राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री भी रहे हैं। कायस्थ समुदाय से आने वाले नवीन को 14 दिसंबर को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

पांच बार विधायक रह चुके हैं

नवीन को उनके पिता और पार्टी के दिग्गज नेता नवीन किशोर सिन्हा के निधन के कारण खाली हुई पटना पश्चिम विधानसभा सीट से महज 26 साल की उम्र में चुनाव मैदान में उतारा गया था। तब से लेकर लगभग दो दशकों में नवीन (45) बदले नाम वाले बांकीपुर से लगातार जीत के बाद पांच बार विधायक रह चुके हैं। नवीन को राजनीति में कदम रखने के लिए अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। शुरुआती दौर में उन्हें राजनीति के लिहाज से बाहरी व्यक्ति के रूप में देखा जाता था।

विधानसभा चुनावों में पार्टी का नेतृत्व करना होगा

सरल स्वभाव वाले नवीन ने कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के साथ ही तेजी से काम शुरू कर दिया था, जिन्हें इस साल तमिलनाडु, केरल और असम सहित कई विधानसभा चुनावों में पार्टी का नेतृत्व करना होगा। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उनके नाम की घोषणा से काफी पहले एक कार्यक्रम में नवीन ने कहा था कि वह पार्टी के उन कार्यकर्ताओं के सामने नतमस्तक होते हैं जिनकी कड़ी मेहनत से कई नितिन नवीन पैदा होते हैं। रांची में जन्में नवीन का विवाह दीपमाला श्रीवास्तव से हुआ है और उनके एक बेटा और एक बेटी है।

51,000 से अधिक वोटों से जीत हासिल की

नवीन चुनावों में भारी अंतर से जीत हासिल करने के लिए जाने जाते हैं, जिसकी शुरुआत 2006 में हुए पहले उपचुनाव से हुई थी, जिसमें उन्होंने लगभग 60,000 वोटों से जीत दर्ज की थी। नवीन ने हालिया चुनाव में 51,000 से अधिक वोटों से जीत हासिल की। पार्टी के एक नेता ने कहा कि नवीन युवा हैं और उन्हें शासन तथा जनता एवं संगठन के लिए काम करने का व्यापक अनुभव है। वह बिहार सरकार में कई बार मंत्री रह चुके हैं और भारतीय जनता युवा मोर्चा के लिए भी व्यापक रूप से काम कर चुके हैं। उन्हें छत्तीसगढ़ और सिक्किम के प्रभारी के रूप में काम करने का अनुभव है। छत्तीसगढ़ में भी पार्टी के पुनरुद्धार में उनकी भूमिका की भाजपा हलकों में काफी सराहना की गई।

भाजपा के 1980 में गठन के बाद अटल बिहारी वाजपेयी पहले पार्टी अध्यक्ष बने थे और 1986 में लाल कृष्ण आडवाणी उनके उत्तराधिकारी बने थे। आडवाणी ने तीन कार्यकाल तक भाजपा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया जबकि इस पद पर रहने वाले अन्य लोगों में मुरली मनोहर जोशी, कुशाभाऊ ठाकरे, बंगारू लक्ष्मण, जना कृष्णमूर्ति, वेंकैया नायडू, राजनाथ सिंह (दो बार), नितिन गडकरी और अमित शाह शामिल हैं। नड्डा 2020 से इस पद पर थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article