देश

Arvind Kejriwal: अब CBI की रडार पर आए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, शराब घोटाले में होगी पूछताछ

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 14, 2023, 07:38 PM IST

Arvind Kejriwal CBI: दिल्ली शराब नीति घोटाले में पहले ही मनीष सिसोदिया जेल में हैं। उनपर सीबीआई और ईडी दोनों शिंकजा कसे हुए है। अब इस मामले में अरविंद केजरीवाल से सीबीआई पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। जो आप के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है।

KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली शराब नीति घोटाले में सीबीआई ने केजरीवाल को समन जारी किया
  • इसी घोटाले में आप के बड़े नेताओं में से एक मनीष सिसोदिया जेल में हैं
  • अरविंद केजरीवाल जता चुके हैं गिरफ्तारी की आशंका

Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल अब सीबीआई की रडार पर आ गए। दिल्ली शराब नीति घोटाले में सीबीआई ने अब अरविंद केजरीवाल को समन जारी किया है। यह पहली बार है जब एजेंसी ने इस मामले में मुख्यमंत्री को तलब किया है, हालांकि भाजपा दावा करती रही है कि केजरीवाल ही इस घोटाले के मास्टरमाइंड हैं।

कब होगी पूछताछ

सीबीआई ने अरविंद केजरीवाल को 16 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया है। इस पूछताछ की खबर को लेकर आप भड़की हुई दिख रही है। आप सांसद संजय सिंह ने ट्वीट करके कहा- "अत्याचार का अंत ज़रूर होगा। अरविंद केजरीवाल जी को CBI द्वारा समन किये जाने के मामले में शाम 6 बजे प्रेसवार्ता करूंगा।"

गोवा पुलिस का भी समन

समन ऐसे समय में आया है जब आप नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया इसी मामले में जेल में हैं। इस मामले में जांच एजेंसियों ने कई गिरफ्तारियां की हैं। साथ ही शुक्रवार को ही अरविंद केजरीवाल को गोवा पुलिस से भी समन मिला है, जिसमें उन्हें 27 अप्रैल को पूछताछ के लिए उपस्थित होने के लिए कहा है।

केजरीवाल जेल की जता चुके हैं आशंका

इस समन से पहले ही दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल जेल जाने की आशंका जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि आम आदमी पार्टी के सभी नेताओं को जेल जाने के लिए तैयार रहना चाहिए। हालांकि सीबीआई के समन पर केजरीवाल ने अभी कोई जवाब नहीं दिया है।

मनीष सिसोदिया को जेल

दिल्ली शराब नीति घोटाले में ही 26 फरवरी को सीबीआई ने घंटों की पूछताछ के बाद मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद से मनीष सिसोदिया जेल में ही बंद हैं। उनकी जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है। आप के एक और बड़े नेता सत्येंद्र जैन भी इस समय जेल में बंद है। सत्येंद्र जैन पर मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल रहने का आरोप है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article