देश

गांदरबल में 20 मीटर गहरी खाई में गिरी अमरनाथ यात्रियों से भरी बस, 50 यात्री थे सवार, सुरक्षाबलों ने सभी को बचाया

अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही अब तक 1,27,326 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से रवाना हो चुके हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच 3,823 तीर्थयात्री 140 वाहनों में बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुए और इस दौरान श्रद्धालुओं ने 'बम बम भोले’ और 'हर हर महादेव’ के जयकारे लगाए।

Image

गांदरबल जिले में हुआ हादसा।

Amarnath Yatra bus accident: केंद्रीय कश्मीर के गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रा पर जा रही करीब 50 श्रद्धालुओं से भरी बस सोमवार तड़के हादसे का शिकार हो गई। बस (रजिस्ट्रेशन नंबर AR 11 D 5655) बालटाल से श्रीनगर जा रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे हरिगनीवान के एस मोड़ के पास चालक का नियंत्रण खोने के बाद बस सिंध नदी के किनारे लगभग 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घायल यात्रियों को अस्पताल भेजा

इस हादसे में किसी भी श्रद्धालु की मौत नहीं हुई है, हालांकि कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल, कंगन भेजा गया है। बता दें कि अमरनाथ मंदिर के दर्शन के लिए सोमवार को 3,800 से अधिक श्रद्धालुओं का 12वां जत्था जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से आधार शिविर और यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के वाहनों को सुरक्षा जांच के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।

पहलगाम मार्ग पर यात्रा फिलहाल स्थगित

अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही अब तक 1,27,326 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से रवाना हो चुके हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच 3,823 तीर्थयात्री 140 वाहनों में बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुए और इस दौरान श्रद्धालुओं ने 'बम बम भोले’ और 'हर हर महादेव’ के जयकारे लगाए। इस जत्थे में 2,966 पुरुष, 855 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। मरम्मत कार्य के कारण पहलगाम मार्ग पर यात्रा स्थगित है।

तीर्थयात्रा का समापन रक्षाबंधन पर 28 अगस्त को होगा

दो जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 4.15 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। गुफा मंदिर की 57 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा का समापन रक्षाबंधन पर 28 अगस्त को होगा।

Suhail Nazeer Bhat
सुहैल नाजिर भट्टauthor

सुहैल साहिल भट्ट को 8 साल का घाटी में रिपोर्टिंग का तजुर्बा है। राजनीति और कश्मीर के हर हलचल पर पैनी नजर।

और पढ़ें
End of Article