देश

2024 में अगली सरकार BRS की बनेगी- तेलंगाना सीएम KCR का दावा, कहा- महाराष्ट्र में मिल रहा भारी समर्थन

  • Reported by: अमित कुमारEdited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 14, 2023, 10:21 PM IST

BRS के मुखिया और तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि बीआरएस पार्टी को महाराष्ट्र में भारी समर्थन मिल रहा है। अब यूपी, बंगाल और बिहार में काफी उत्साहवर्धक परिणाम मिलेंगे।उन्होंने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर के विचार किसी गांव, राज्य या देश तक के लिए सीमित नहीं है। पूरे देश को विचार करना होगा कि हमें इस विचार की जरूरत है।

Image

मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शुक्रवार को हैदराबाद में डॉ. बीआर आंबेडकर की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया

Photo : Twitter

तेलंगाना के सीएम और बीआरएस के मुखिया केसीआर ने शुक्रवार को दावा किया कि अगली सरकार उनकी पार्टी की बनेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भी उनकी पार्टी को भारी समर्थन मिल रहा है।

भव्य प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शुक्रवार को हैदराबाद में डॉ बीआर आंबेडकर की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में केसीआर ने कहा कि देश में 2024 में अगली सरकार बीआरएस पार्टी की बनेगी। हमारे विरोधी के लिए यह यकीन करना मुश्किल है। मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि महाराष्ट्र में मुझे भारी समर्थन प्राप्त हो रहा है, जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंन कहा- "जैसी लोकप्रियता महाराष्ट्र में मिल रही है, यही उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल में भी मिल सकेगा। भारत में हमारी हुकूमत ज़रूर आएगी। इसके बाद देश भर में दलितबंधु योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत दलित युवा को दस लाख रुपये दिए जाते हैं, इस राशि को वापस नहीं लिया जाता है।"

सरकार की वाहवाही

आगे उन्होंने कहा कि बाबासाहेब आंबेडकर के विचार किसी गांव, राज्य या देश तक के लिए सीमित नहीं है। पूरे देश को विचार करना होगा कि हमें इस विचार की जरूरत है। डॉ आंबेडकर विश्वमानव हैं। इसलिए इनकी विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। यह स्थान न केवल एक दर्शनीय स्थल है बल्कि सचिवालय के निकट भी है जो राज्य का प्रशासनिक भवन है। हमने तेलंगाना सचिवालय का नाम भी डॉ आंबेडकर के नाम पर रखा है। हुसैन सागर में बुद्ध प्रतिमा भी है। ये अद्भुत प्रतीक हैं।

इस अवसर पर प्रकाश अंबेडकर, एससी मंत्री कोपुला ईश्वर, श्रीनिवास रेड्डी, सांसद जोगिनापल्ली संतोष कुमार, के केशव राव, बीबी पाटिल, वी रविचंद्र, एमएलसी राजेश्वर रेड्डी, बलका सुमन, मुख्यसचिवशांति कुमारी, डीजीपी अंजनि कुमार, और मुख्यमंत्री के सचिव भूपाल रेड्डी मौजूद थे।

आंबेडकर के नाम पर पुरस्कार

इस अवसर पर केसीआर ने घोषणा की कि तेलंगाना सरकार डॉ आंबेडकर के नाम पर एक पुरस्कार देगी। उन्होंने कहा- "हम तुरंत आदेश देंगे। 51 करोड़ रुपये की जमा राशि और उससे अर्जित ब्याज लगभग 3 करोड़ रुपये है। आंबेडकर पुरस्कार हर वर्षगांठ के दिन उन लोगों को दिया जाएगा जिन्होंने देश और राज्य के लिए सेवाएं प्रदान की हैं।"

दलित बंधु योजना

केसीआर ने कहा कि हमारे राज्य में अबतक 50 हजार लोगों को दलित बंधु सुविधा मिल चुकी है। इस वित्तीय वर्ष में एक लाख और हजारों लोगों को यह सुविधा मिलने जा रही है। मैं सभी नेताओं और अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि इसका भरपूर लाभ उठाएं। केसीआर ने कहा कि संविधान 70 साल पहले लागू हुआ, कई दल जीते, हारे, सरकारें बदलीं लेकिन आज तक दलितों का गरीब होना हम सबके लिए शर्म की बात है। इस स्थिति में परिवर्तन होना चाहिए। दलित बुद्धिजीवियों को भी इस पर विचार करना चाहिए।

सरकार की गिनाई उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीआरएस पार्टी के आने से पहले यहां दस साल तक किसी और पार्टी का शासन रहा। इस दस साल के दौरान उन्होंने दलितों के विकास के लिए सिर्फ 16 हजार करोड़ रुपए खर्च किए। टीआरएस सरकार आने के बाद इन दस सालों में दलि।तों के विकास के लिए 1,25,062 करोड़ रुपए खर्च किए गए। सीएजी रिपोर्ट में यह तथ्य दर्शाया गया है। दलित बंधु योजना दलितों के लिए अद्भुत योजना है जो देश और दुनिया में कारगर होगा, इस योजना को तेलंगाना सरकार ने लागू किया है।

केसीआर ने कहा कि आने वाले दिनों में न केवल तेलंगाना राज्य बल्कि भारत को भी सही रास्ते पर लाने के लिए बाबासाहेब के रास्ते पर खून की आखिरी बूंद तक संघर्ष किया जाएगा। कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

अमित कुमार
अमित कुमारauthor

20 साल का टीवी पत्रकारिता का अनुभव। झूठ , फरेब और तमाशे पर नहीं सिर्फ खबर पर नज़र। राजनीतिक खबरों पर पहली पकड़। देश की राजनीति समझनी है तो आइए मेरे साथ

और पढ़ें
End of Article