Tanker MT GEM NO 2 : केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने बताया है कि नौ अक्टूबर को शारजाह एंकोरेज में पनामा के ध्वज वाले क्रूड ऑयल टैंकर MTGEM NO. 2 पर एक ड्रोन हमला हुआ। इस जहाज के चालक दल के समस्यों में 22 नागरिक सवार थे। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उन्हें बताते हुए खुशी हो रही है कि सभी चालक दल के सभी 22 भारतीय सदस्य कथित रूप से सुरक्षित हैं। हम हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और नाविकों की सुरक्षा के लिए हम जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ संपर्क में हैं।
घटना के बाद जहाज में आग लग गई
इसी घटना के बारे में यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) एजेंसी ने बताया है कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अल जजीरा अल हमरा से लगभग 13 समुद्री मील (24 किलोमीटर) दूर एक जहाज पर प्रोजेक्टाइल (विस्फोटक या मिसाइल जैसा हथियार) से हमला हुआ। UKMTO ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि इस घटना के बाद जहाज में आग लग गई।
मामले की जांच कर रहे अधिकारी
एजेंसी ने कहा, 'फिलहाल चालक दल की स्थिति, जहाज को हुए नुकसान और पर्यावरण पर पड़े प्रभाव का पता नहीं चल पाया है। अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।' ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा कंपनी वैनगार्ड ने भी इस घटना की जानकारी दी। कंपनी के मुताबिक, हमले का शिकार हुआ जहाज पनामा के झंडे वाला कच्चे तेल का टैंकर GEM NO.2 था।
कुछ दिनों पहले भी हुआ था जहाज पर हमला
उपलब्ध रिपोर्टों से यह साबित नहीं हुआ है कि ईरान द्वारा हमले का दावा किए गए NV Sunshine LPG कैरियर और UAE के तट के पास GEM NO.2 पर हुए प्रोजेक्टाइल हमले के बीच कोई संबंध है। ये ताजा रिपोर्टें कतर के तट के पास एक अन्य तेल टैंकर पर हुए हमले के कुछ दिनों बाद आई हैं। यह घटना होर्मुज जलडमरूमध्य से लगभग 500 किलोमीटर (300 मील) पश्चिम में हुई थी।
होर्मुज में तेल टैंकर पर हुआ हमला
अक्टूबर के पहले सप्ताह में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक तेल टैंकर पर हमला हुआ। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि कुवैत के ध्वज लगे इस तेल टैंकर पर एक हवाई हथियार से हमला हुआ। इसके बाद जहाज में सवार पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित तट पर पहुंचाया गया। शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को X पर अपने एक पोस्ट में दूतावास ने कहा कि टैंकर एमटी काजिमाह III पर हमले के बाद इस पर सवार पांच भारतीय नागरिकों को रेस्क्यू किया गया। राहत एवं बचाव कार्य में मदद करने के लिए दूतावास ने ओमान के अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया।
