Owaisi On Maduro Arrest: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला पर सीधा हमला करके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर पूरी दुनिया को चौंका दिया है। इस कार्रवाई को लेकर ट्रंप पर सवाल उठ रहे हैं और विरोध के सुर तेज हो गए हैं। इसकी गूंज भारत में भी सुनाई दे रही है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस घटना को लेकर पीएम मोदी को भी चैलेंज दे दिया है। ओवैसी ने मांग की है कि जिस तरह ट्रंप एक संप्रभु देश के राष्ट्रपति को पकड़कर अमेरिका ले गए हैं, उसी तरह पीएम मोदी भी सेना भेजकर 26/11 मुंबई हमले को गुनाहगारों को पकड़कर देश लाए।
ओवैसी ने पीएम मोदी से की ये मांग
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुंबई में एक जनसभा में कहा, आज हमने सुना कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनके देश से अगवा कर लिया और उन्हें अमेरिका ले गईं। अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनके देश से अगवा कर सकते हैं, जब सऊदी अरब यमन में पोर्ट पर बमबारी कर सकता है, तो हम मोदी जी से कह रहे हैं कि आप भी पाकिस्तान जाकर 26/11 आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड को भारत वापस ला सकते हैं।
'मोदी जी अगर 56 इंच का सीना है तो उन्हें देश में लाओ'
ओवैसी ने तंज भर अंदाज में आगे कहा, पाकिस्तान में सेना भेजकर मुंबई की सड़कों पर आतंक फैलाने वालों, साजिशकर्ताओं को पकड़कर लाएं। चाहे वो मसूद अजहर हो या लश्कर ए तैयबा का सरगना हो, मोदी जी अगर 56 इंच का सीना है तो उन्हें देश में लाओ। अगर ट्रंप कर सकता है तो क्या आप कम हैं। जब ट्रंप कर सकता है तो आपको भी करना पड़ेगा। क्योंकि मोदी ने कहा था, अबकी बार ट्रंप सरकार।
