BRICS Summit 2026: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन व्यस्त कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित रात्रिभोज में शामिल नहीं हुए। यह रात्रिभोज ब्रिक्स देशों के नेताओं के साथ-साथ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले अन्य देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के लिए आयोजित किया गया था।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि शी जिनपिंग ब्रिक्स देशों के नेताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। हालांकि, चीनी राष्ट्रपति के रात्रिभोज में शामिल नहीं होने की तत्काल कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन एक सूत्र के मुताबिक, शी जिनपिंग आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे।
चीनी राष्ट्रपति शनिवार की दोपहर नई दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की।
अबू धाबी के युवराज भी नहीं हुए शामिल
ऐसा नहीं है कि सिर्फ चीनी राष्ट्रपति ही इस कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हुए, बल्कि अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद भी शामिल नहीं हुए। दरअसल, शेख खालिद बिन मोहम्मद दिन में ही ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद अबू धाबी लौट गए। बता दें कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिक्स के अन्य नेता रात्रिभोज में शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के CM भी हुए शामिल
केंद्रीय मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इस रात्रिभोज में हिस्सा लिया। अमित शाह, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव, शिवराज सिंह चौहान, सर्बानंद सोनोवाल और किरेन रीजीजू समेत केंद्रीय मंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संसद भवन परिसर से दो बसों में एक साथ रात्रिभोज स्थल के लिए रवाना हुए।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री- उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के शुभेंदु अधिकारी, असम के हिमंत विश्व शर्मा, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी केंद्रीय मंत्रियों के साथ बसों में सवार होकर रात्रिभोज के आयोजन स्थल 'भारत मंडपम' पहुंचे।
