Kolkata Doctor Case: कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर के साथ रेप और उसकी हत्या मामले में बड़ी खबर सामने आई है। अब इस मामले की जांच सीबीआई करेगी। इस जांच को सीबीआई ने अपने हाथ में ले ली है। बताया गया है कि इस मामले में जांच के लिए दिल्ली से एक विशेष मेडिकल और फोरेंसिक टीम कोलकाता भेजी जाएगी, जो कल सुबह कोलकाता रवाना होगी।
सीबीआई ने कोर्ट के आदेश के बाद जांच किया टेकओवर
जानकारी के अनुसार, एजेंसी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के कुछ ही घंटों के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर लीं, जिसमें राज्य पुलिस को मामले के दस्तावेज केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) को सौंपने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक और चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ दिल्ली से सीबीआई अधिकारियों का एक दल बुधवार को कोलकाता पहुंचेगा।
कलकत्ता हाई कोर्ट ने दिया निर्देश
इससे पहले दिन में उच्च न्यायालय ने राज्य पुलिस को बुधवार सुबह 10 बजे तक केस डायरी सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया था। सरकारी आरजी कर अस्पताल के सभागार में कथित तौर पर बलात्कार और हत्या की शिकार हुई स्नातकोत्तर प्रशिक्षु का शव शुक्रवार सुबह बरामद किया गया। इस सिलसिले में शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसके साथ यौन दुर्व्यवहार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई।
जूनियर डॉक्टर के साथ हुई थी वारदात
आपको बता दें कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। मृतक मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग में सेकंड ईयर की छात्रा थी। गुरुवार को अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद छात्रा अपने दोस्तों के साथ डिनर करने गई।
इसके बाद, उसका कुछ पता नहीं चला। इस घटना के सामने आने के बाद मेडिसिन विभाग में हड़कंप मच गया। चौथी मंजिल के सेमिनार हॉल मे छात्रा का अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद हुआ। घटनास्थल से मृतक छात्रा का मोबाइल फोन और लैपटॉप भी मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक महिला के मुंह, दोनों आंख और गुप्तांग पर चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा, होठ, गर्दन, पेट सहित शरीर के कई भागों में चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
