Sonia Gandhi Memories: कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी आने वाली आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' (जो 10 नवंबर 2026 को रिलीज होने जा रही है) के एक विशेष वीडियो टीजर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपनी पहली मुलाकात और कैम्ब्रिज के दिनों के अपने प्रेम प्रसंग का खुलकर जिक्र किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर वीडियो शेयर करते हुए सोनिया गांधी ने बताया, "कैम्ब्रिज, इंग्लैंड के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरी प्रेम कहानी शुरू हुई थी। राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई थी। 10 नवंबर को मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा कर रही हूं।"
कैम्ब्रिज में पहली मुलाकात और पहला अहसास
1960 के दशक के मध्य में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में पढ़ाई के दौरान सोनिया (तब सोनिया माइनो) की मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी। उस दौर में ब्रिटेन में आसानी से अपनी पसंद का (विशेषकर इतालवी या पारंपरिक) खाना मिलना मुश्किल था। सोनिया एक ऐसे ग्रीक रेस्तरां 'वर्सीटी रेस्तरां' (Varsity Restaurant) में जाया करती थीं, जो भारतीय और यूरोपीय छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय था। एक साझा दोस्त के जरिए उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई।
तुरंत जुड़ाव का अहसास
उस पहली मुलाकात को याद करते हुए सोनिया बताती हैं, जब मैंने पहली बार उनसे मुलाकात की, तो मुझे तुरंत महसूस हुआ कि यह वो शख्स हैं जिनके साथ मैं सचमुच रहना चाहती हूं। और जाहिर है, मुझे बाद में पता चला कि उनके मन में भी यही भावना थी। सोनिया ने बताया कि वे राजीव के सिर्फ अच्छे लुक से ही नहीं, बल्कि उनके स्वभाव की सादगी और सौम्यता से बेहद प्रभावित हुई थीं। उन्होंने कहा, वह दिखने में बहुत सौम्य थे। बेशक वह बहुत हैंडसम थे, लेकिन उनका शांत और विनम्र स्वभाव तुरंत झलक जाता था, यही बात मेरे दिल को छू गई।
दोस्ती से प्यार तक का सफर
इसके बाद दोनों के बीच गहरी दोस्ती हुई। सोनिया ने याद किया कि कैसे वे दोनों पार्टियों में शामिल होते थे, साथ में शहर घूमते थे और कैम्ब्रिज में छात्र जीवन के छोटे-छोटे पलों को जीते थे। उन्होंने एक वैलेंटाइन डे पार्टी का भी जिक्र किया जिसमें वे अन्य छात्रों के साथ शामिल हुई थीं। यह कहानी उस दौर की है जब वे राजनीति के चकाचौंध भरे दायरे से कोसों दूर थे। दोनों ने साल 1968 में शादी कर ली थी। आगे चलकर राजीव गांधी 1984 से 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे, और मई 1991 में तमिलनाडु में एक चुनावी रैली के दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी।
10 नवंबर को रिलीज होगी किताब
सोनिया गांधी की यह आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' उनके राजनीतिक जीवन के इतर उनके निजी जीवन, भावनाओं और राजीव गांधी के साथ बिताए गए अनमोल पलों का एक अंतरंग और मार्मिक दस्तावेज होगी, जिसका पाठकों और समर्थकों को बेसब्री से इंतजार है। सोनिया की इस किताब में उनकी पुरानी यादों का जिक्र है, ऐसे में हर किसी को इस किताब का इंतजार है। खास तौर पर राजीव गांधी के साथ उनके रिश्तों को लेकर जानने की उत्सुकता सभी में है।
