Time Now Summit 2026: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने गुरुवार को टाइम्स नाउ समिट 2026 में केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू पर जमकर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि रिजिजू का तन भाजपा में और मन राहुल गांधी के साथ है।
'राहुल के साथ है रिजिजू का मन'
टाइम्स नाउ समिट 2026 के मंच पर पवन खेड़ा ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, सर्वदलीय बैठक, असम विधानसभा चुनाव सहित अन्य मुद्दों पर खुलकर बात की। पवन खेड़ा ने किरेन रिजिजू से जुड़े सवाल पर कहा, ''रिजिजू जी बहुत अच्छे व्यक्ति हैं, वह हमारी पार्टी छोड़कर भाजपा में गए हैं, उनके मन में मलाल है।''
पवन खेड़ा ने आगे कहा कि उनका (रिजिजू) का तन भाजपा में और मन राहुल गांधी के साथ है। इसीलिए वह दुखी हैं... उनकी इस बीमारी का इलाज मेरे पास नहीं है। सिंधिया जी, जितिन प्रसाद, मिलिंद देवड़ा जितने लोग यहां से गए हैं, उनका दिल हमारे लिए धड़कता है और जुबान मोदी जी के लिए चलती है।
'असम में कांग्रेस बनाम भाजपा की लड़ाई नहीं'
इस दौरान, पवन खेड़ा ने असम विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में असम बनाम भाजपा की लड़ाई नहीं है, बल्कि वहां पर 'निडर' कांग्रेस की 'डरपोक' कांग्रेस के साथ है। 'निडर' कांग्रेस में हमारे गौरव गोगोई, रकीबुल हुसैन और साथी हैं। 'डरपोक' कांग्रेस में हिमंत बिस्वा सरमा, भूपेन बोरा हैं, वहां पर भाजपा है ही नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत बनाने की बात करने वाली भाजपा आज कांग्रेस युक्त भाजपा बन गई है।
असदुद्दीन ओवैसी और उनकी एआईएमआईएम को भाजपा की 'बी-टीम' बताए जाने के मुद्दे पर खेड़ा ने कहा, ''ओवैसी एक अच्छे व्यक्ति हैं, लेकिन हम उनकी राजनीति से सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम जैसे आरएसएस के हिंदुत्व ब्रांड की राजनीति के खिलाफ हैं, वैसे ही वह ओवैसी की काउंटर पॉलिटिक्स के खिलाफ हैं।
राहुल गांधी पर भी खूब बोले पवन खेड़ा
राहुल गांधी के विषय पर खेड़ा ने कहा, ''हम अगर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के लिए लड़ रहे हैं तो हमारी रीडिंग बहुत स्पष्ट है। हम मानते हैं कि राहुल गांधी सच की लड़ाई बखूबी लड़ रहे हैं, इसलिए हम उनकी ताकत बनना चाहते हैं। हमारी लड़ाई इस सवाल का जवाब देती है कि हम राहुल गांधी के साथ खड़े हैं तो इसलिए खड़े हैं, क्योंकि देश इस आदमी का हकदार है।
