LIVE

COVID Cases & Lockdown News: महाराष्ट्र में 26,000 से ज्यादा नए केस, सक्रिय मामले 87,000 से ज्यादा हुए

देश में कोरोना एवं ओमीक्रोन के बढ़ते खतरे के बीच कई राज्यों ने अपने यहां पाबंदियों को और सख्त कर दिया है। दिल्ली में नाइट कर्फ्यू तो पहले से लागू था अब वीकेंड कर्फ्यू की भी घोषणा कर दी गई है। सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी नाइट कर्फ्यू का का ऐलान कर दिया गया है। यूपी में 10वीं तक के सभी स्‍कूलों को मकर संक्रांति तक बंद कर दिया गया है। साथ ही राज्य में 6 जनवरी से रात का कर्फ्यू लगेगा। यह कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Jan 6, 2022, 12:15 IST
Follow on Google News
COVID Cases & Lockdown News: महाराष्ट्र में 26,000 से ज्यादा नए केस, सक्रिय मामले 87,000 से ज्यादा हुए

भारत में अभी तक कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन के 2135 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 828 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं या अन्य स्थानों पर चले गए हैं। ये मामले 24 राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों में सामने आए हैं। वहीं देश में बुधवार को कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन से मौत का पहला मामला सामना आया है। राजस्थान के उदयपुर के एक व्यक्ति की पिछले सप्ताह मौत हो गई थी और उसमें ओमीक्रोन की पुष्टि हुई है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की तीसरी लहर आ गई है। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 58,097 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,50,18,358 हो गई है। करीब 199 दिन बाद इतने अधिक दैनिक मामले सामने आए हैं।

JAN 05, 2022 20:38 IST

महाराष्ट्र में 26 हजार से ज्यादा नए केस

महाराष्ट्र में आज 26,538 नए मामले सामने आए हैं और 8 मौतें हुईं हैं। सक्रिय मामले बढ़कर 87,505 हो गए हैं। राज्य के ओमीक्रोन मामलों की संख्या 797 है। वहीं गुजरात में 3350 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 1 मौत हुई है। सक्रिय मामले 10,000 से ज्यादा हुए। यहां कुल ओमीक्रोन मामले 204 हुए।

JAN 05, 2022 19:49 IST

मुंबई में 15 हजार से ज्यादा नए केस

मुंबई में कोविड 19 के 15,166 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 3 मौतें हुई हैं। सक्रिय मामले 61,923 हुए। वहीं पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में 14,022 नए मामले सामने आए हैं और 17 मौतें हुई हैं। सक्रिय मामले 33,042 हुए।

JAN 05, 2022 18:03 IST

दिल्ली में 10 हजार से ज्यादा नए केस

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 10,665 नए मामले सामने आए और 8 मौतें हुईं; सक्रिय मामले 23,307 हुए। सकारात्मकता दर बढ़कर 11.88% हुई। 

JAN 05, 2022 17:02 IST

सामूहिक समारोहों से बचना चाहिए: डॉ. बलराम भार्गव

ICMR के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि ओमीक्रोन देश के शहरों में प्रमुख परिसंचारी स्ट्रेन है, इस प्रसार की गति को कम करने के लिए सामूहिक समारोहों से बचना चाहिए। ओमीक्रोन डिटेक्टिंग आरटी-पीसीआर किट को टाटा एमडी और आईसीएमआर के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है और इसे डीसीजीआई द्वारा अनुमोदित किया गया है। यह किट 4 घंटे में रिजल्ट देगी।

JAN 05, 2022 16:59 IST

Omicron से विश्व भर में 108 मौतें

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि 15-18 वर्ष के बीच 7.40 करोड़ बच्चे कोविड 19 टीकाकरण के लिए पात्र हैं। विश्व स्तर पर ओमीक्रोन से अब तक 108 मौतें दर्ज की गई हैं। 4 जनवरी को वैश्विक स्तर पर 25.2 लाख मामले दर्ज किए गए, जो महामारी की शुरुआत के बाद से अब तक के सबसे अधिक मामले हैं। 4 जनवरी को समाप्त सप्ताह में लगभग 65% मामले संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली और स्पेन से रिपोर्ट किए गए।

JAN 05, 2022 16:55 IST

पिछले 8 दिनों में मामलों में 6.3 गुना से अधिक की वृद्धि

भारत ने पिछले 8 दिनों में मामलों में 6.3 गुना से अधिक की वृद्धि दर्ज की है। सकारात्मकता रेट 29 दिसंबर 2021 को 0.79% थी जो 5 जनवरी को 5.03% तक पहुंच गई। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, झारखंड, गुजरात चिंता के राज्य हैं जहां मामलों में वृद्धि हुई है। देश के 28 जिले 10% से अधिक साप्ताहिक सकारात्मक रिपोर्ट कर रहे हैं।

JAN 05, 2022 14:58 IST

कर्नाटक में 21 एमबीबीएस विद्यार्थी कोरोना वायरस से संक्रमित

बेल्लारी के विजयनगर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे 21 विद्यार्थी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। कॉलेज अधिकारियों ने बताया कि संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों में से किसी-किसी को चुनकर जांच की गई। इस तरह कुल 250 विद्यार्थियों की जांच हुई जो छात्रावास में रह रहे थे और जिनके संक्रमित होने का खतरा था।
 

JAN 05, 2022 14:08 IST

देश में अब तक एक करोड़ बच्चों को लगा कोरोना का टीका

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि 3 जनवरी से पांच जनवरी के बीच देश में एक करोड़ बच्चों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। सरकार अभी 15 से 18 साल के बच्चों को स्वदेशी वैक्सीन कोवैक्सीन का टीका लगा रही है।

JAN 05, 2022 14:02 IST

मुंबई के जेजे अस्पताल के 61 रेजिडेंट डॉक्टर पॉजिटिव

मुंबई के जेजे अस्पताल के 61 रेजिडेंट डॉक्टर कोरोना से पॉजिटिव मिले हैं।

JAN 05, 2022 13:39 IST

कोविड का असर : कांग्रेस ने स्थगित किए अपने बड़े कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर कांग्रेस ने फिलहाल अपनी आगामी सभी बड़ी रैलियां और कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बुधवार को भाषा को बताया कि प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए पार्टी ने फिलहाल अपने सभी बड़े कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। हालांकि छोटे कार्यक्रम और सभाएं जारी रहेंगी। उन्होंने बताया कि आजमगढ़ में आज तथा वाराणसी में बृहस्पतिवार को आयोजित होने वाली 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' मैराथन के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।
 

JAN 05, 2022 13:14 IST

लद्दाख में कोविड-19 के 32 नए मामले

लद्दाख में कोविड-19 के 32 नए मामले सामने आने के बाद केन्द्र शासित प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 22,321 हो गई, जिनमें से 21,836 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि केन्द्र शासित प्रदेश में अभी 265 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जिनमें से लेह में 205 और करगिल जिले में 60 लोग उपचाराधीन है।

JAN 05, 2022 12:30 IST

शिअद (संयुक्त) प्रमुख सुखदेव ढींढसा कोरोना वायरस से संक्रमित

शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ढींढसा बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। वह घर पर पृथक-वास में हैं। पार्टी की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी। राज्यसभा सदस्य ढींढसा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर में होने वाली रैली में शामिल होने का कार्यक्रम था। फिरोजपुर में प्रधानमंत्री मोदी 42,750 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस वे और पीजीआईएमईआर सैटेलाइट केन्द्र शामिल हैं।

JAN 05, 2022 12:03 IST

अमिताभ बच्चन के बंगले का एक कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित

मेगास्टर अमिताभ बच्चन के बंगले का एक कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इससे पहले, बच्चन ने अपने ब्लॉग में बताया था कि वह अपने घर पर कोविड-19 संबंधी स्थिति से निपट रहे हैं और अपने प्रशंसकों के साथ थोड़े समय बाद जुड़ेंगे। बीएमसी के अधिकारी ने बताया कि नियमित जांच के दौरान बच्चन के बंगले ‘प्रतीक्षा’ और ‘जलसा’ के 31 कर्मचारियों में से एक कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। उन्होंने कहा, ‘वह कर्मचारी बीएमसी के सीसीसी2 (कोविड देखभाल केन्द्र-2) में पृथक-वास में है।’उन्होंने बताया कि कर्मचारी में संक्रमण का कोई लक्षण नहीं है।

JAN 05, 2022 11:40 IST

सत्येंद्र जैन बोले-दिल्ली में कोरोना की यह पांचवी लहर, आज आ सकते हैं 10 हजार केस 

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में कोरोना की यह पांचवी लहर है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बुधवार को 10 हजार से ज्यादा केस आ सकते हैं। दिल्ली में पॉजिटिविटी दर 10 फीसदी के पास पहुंच गई है। जैन ने कहा कि ओमीक्रोन के लक्षण काफी हल्के हैं, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। 

JAN 05, 2022 11:23 IST

बिहार की डिप्टी सीएम रेणु देवी कोरोना पॉजिटिव

बिहार की उप मुख्यमंत्री रेणु देवी और मंत्री सुनील कुमार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कैबिनेट की होने वाली बैठक से पहले हुई जांच में डिप्टी सीएम और मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए। ये लोग मुख्यमंत्री के साथ थे। सीएम नीतीश कुमार की कैबिनेट के करीब आधे दर्जन मंत्री कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। 

JAN 05, 2022 10:45 IST

बीते 24 घंटे में 96 लाख लगे टीके

बीते 24 घंटे में भारत में 96 लाख से ज्यादा कोरोना के टीके लगाए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि देश में अब तक 147.72 करोड़ टीके की डोज लग चुकी है।

JAN 05, 2022 10:06 IST

मेट्रो स्टेशनों के बाहर लंबी कतार

दिल्ली सरकार ने मेट्रो को पूरी क्षमता के साथ चलाने की घोषणा की है। लेकिन मेट्रो स्टेशनों के बाहर लगने वाली लंबी कतार से यात्री परेशान हैं। यात्रियों का कहना कि सरकार को उनकी परेशानियों के बारे में भी सोचना चाहिए और इस दिक्कत को दूर करनी चाहिए।

JAN 05, 2022 09:34 IST

बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 58,097 केस

बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 58,097 केस आए हैं। इस दौरान उपचार के बाद 15,389 लोग ठीक हुए हैं जबकि 534 लोगों की जान गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 4.18 प्रतिशत हो गई है।
JAN 05, 2022 09:28 IST

कोरोना वायरस संक्रमित यात्रियों के साथ क्रूज पोत मुंबई पहुंचा

कॉर्डेलिया क्रूज पोत गोवा से मंगलवार शाम को मुंबई तट पर पहुंचा ओर उसमें से 30 संक्रमितों को उतारा गया है। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पोत ने मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे दक्षिण मुंबई के बल्लार्ड पियर स्थित यात्री टर्मिनल पर लंगर डाला और इस मौके पर बीएमसी की टीम और पुलिस मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमितों को कोविड मरीज देखभाल केंद्र ले जाने के लिए बीएससी ने 17-17 सीटों वाली पांच एंबुलेंस की व्यवस्था की थी। अधिकारियों ने बताया कि संक्रमितों को अपने खर्चे पर ही होटल में पृथकवास में रहने का भी विकल्प दिया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य यात्रियों को जांच रिपोर्ट आने तक पोत में ही रहना होगा।

JAN 05, 2022 09:15 IST

कर्नाटक में भी लगा वीकेंड कर्फ्यू

कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने भी अपने यहां वीकेंड कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। यह कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। सरकार के मंत्री आर अशोक ने यह जानकारी मंगलवार को दी। वीकेंड कर्फ्यू के दौरान लागू पाबंदियों के बारे में सरकार ने गाइडलाइन जारी की है। 

JAN 05, 2022 08:58 IST

तेलंगाना हाई कोर्ट में ऑन लाइन होगी सुनवाई

तेलंगाना हाई कोर्ट की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अदालत में उपस्थित होकर सुनवाई की प्रक्रिया स्थगित की जा रही है। हालांकि सुनवाई ऑनलाइन करनी है या कोर्ट रूम में उपस्थित होना है, इसका विशेषाधिकार जजों के पास होगा। मिजोरम में कोरोना वायरस के 443 नए केस सामने आए हैं जबिक एक की मौत हुई है।

JAN 05, 2022 08:57 IST

कोरोना के हालात पर बैठक करेंगे सीएम चन्नी

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री ओपी सोनी ने कहा है कि उनका मानना है कि हम यदि स्कूल एवं कॉलेज बंद करते हैं तो राज्य में चुनावी रैलियां भी नहीं होनी चाहिए। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक चुनावी रैलियों पर अभी कोई पाबंदी नहीं है। मुख्यमंत्री जल्द ही कोरोना की स्थिति पर एक बैठक बुलाएंगे और इस बैठक में चुनावी रैलियों पर फैसला लिया जाएगा।
JAN 05, 2022 08:57 IST

इंदौर में 137 नए केस

इंदौर के सीएमएचओ भूरे सिंह सेठा ने कहा है कि कोविड-19 के 137 नए केस सामने आए हैं जबकि एक व्यक्ति की मौत हुई है। एक्टिव केस की संख्या बढ़ी है। पॉजिटिव मरीजों में किसी की हालत गंभीर नहीं है। सीएमएचओ ने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने का अनुरोध किया है।