क्रिकेट

भारत के खिलाफ सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, मैच जिताऊ बल्लेबाज हुआ चोटिल

Rachin Ravindra Injury: रचिन रविंद्र 16 सितंबर को ऑकलैंड में शूट के दौरान एक डाइविंग कैच लेने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनका दायां कंधा खिसक गया। इसके बाद तुरंत उन्हें मेडिकल टीम के पास ले जाया गया।

Image

रचिन रविंद्र हुए चोटिल (फोटो साभार- rachinravindra)

Rachin Ravindra Injury: भारत के खिलाफ टी20 सीरीज से ठीक एक महीने पहले न्यूजीलैंड टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के सबसे भरोसेमंद और मैच जिताऊ ऑलराउंडर रचिन रविंद्र चोटिल हो गए हैं और उनका भारत दौरा अब खतरे में पड़ गया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक, रचिन को यह चोट किसी मैच में नहीं, बल्कि एक प्रमोशनल शूट के दौरान लगी है। 16 सितंबर को ऑकलैंड में शूट के दौरान वह एक डाइविंग कैच लेने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनका दायां कंधा खिसक गया। इसके बाद तुरंत उन्हें मेडिकल टीम के पास ले जाया गया।

रचिन रवींद्र का कंधा हुआ चोटिल

18 सितंबर को हुई शुरुआती जांच में राहत की बात सामने आई है। डॉक्टरों ने बताया कि कंधे में कोई बड़ा फ्रैक्चर या लिगामेंट का बड़ा नुकसान नहीं है, लेकिन डिसलोकेशन गंभीर है। अब अगले 2-3 हफ्ते उनके रिहैब के लिए सबसे अहम होंगे, उसी के बाद तय होगा कि वह भारत के खिलाफ खेल पाएंगे या नहीं। न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने इस पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, "हम रचिन को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। अगले 6 महीने में हमें बहुत सारा टेस्ट क्रिकेट खेलना है। वह हमारे लिए लंबे समय के खिलाड़ी हैं, इसलिए उनकी पूरी रिकवरी ज्यादा जरूरी है।"

भारत के खिलाफ रिकॉर्ड है जबरदस्त

रचिन का बाहर होना न्यूजीलैंड के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। वह अकेले ऐसे कीवी बल्लेबाज हैं जो भारतीय स्पिनरों के खिलाफ बेहतरीन खेलते हैं। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने भारत में ही 3 शतक जड़े थे और पूरी दुनिया में छा गए थे। बाएं हाथ की बैटिंग के साथ-साथ वह उपयोगी स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं, जो भारतीय पिचों पर काफी अहम होगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होगी, जो 1 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे। न्यूजीलैंड को अगले हफ्ते अपने स्क्वॉड का ऐलान करना है और अब देखना होगा कि रचिन को उसमें जगह मिलती है या नहीं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article