देश

West Bengal Blast: पश्चिम बंगाल में फिर ब्लास्ट, कटोया में एक खाली घर में बम विस्फोट, एक की मौत

West Bengal Blast: बर्धमान जिले के कटवा थाना क्षेत्र के राजुया गांव में एक के बाद एक दो विस्फोट हुए हैं। जिसमें एक शख्स की मौत हो गई है। पता चला है कि आरोपी यहां बम बनाने का काम चल रहा था, इसी दौरान विस्फोट हो गया।

Image

पश्चिम बंगाल में ब्लास्ट

West Bengal Blast: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के कटवा थाना क्षेत्र के राजुया गांव में शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक खाली घर में हुए दो जोरदार बम विस्फोटों से इलाका दहल गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मकान की एस्बेस्टस की छत उड़ गई, दीवारें ढह गईं और पास के घर तक कांप उठे।

ग्रामीणों ने घायल को पकड़ा

स्थानीय निवासी हासिबुल शेख ने बताया कि विस्फोट के बाद तीन-चार लोग घर से भागते हुए दिखाई दिए। एक घायल व्यक्ति, जिसकी पहचान तुफान चौधरी के रूप में हुई, भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और कटोया थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घायल तुफान चौधरी को कटोया महकुमा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को बरामद कर लिया और घटनास्थल को क्राइम स्पॉट घोषित कर, घेरकर रखा हैं।

बम बनाने का चल रहा था काम

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह खाली मकान मंटू शेख का है, जिसमें तुफान चौधरी बाहरी जिलों से आए असामाजिक तत्वों को किराए पर लाकर बम बनाने का काम करवा रहा था। तुफान चौधरी हाल ही में दस दिन पहले जेल से रिहा हुआ था। पुलिस ने यह भी बताया कि घटनास्थल की जांच के लिए शनिवार को बम स्क्वायड की टीम राजुया गांव पहुंचेगी, जो यह जांच करेगी कि वहां बम बनाने का मसाला या ताजा बम मौजूद है या नहीं।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि बम किसके लिए बनाए जा रहे थे और क्या तुफान चौधरी स्थानीय अशांति फैलाने की मंशा से यह काम कर रहा था या किसी असामाजिक समूह को बम की आपूर्ति करने की योजना थी। इसके अलावा, पुलिस ने गांव से एक अन्य व्यक्ति खोखन मंडल को एक गाड़ी के साथ हिरासत में लिया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article